Chandigarh News : ज़ीरकपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर हमला, तलवार-डंडों से लैस हमलावरों ने मचाया तांडव

0
152
A house was attacked in broad daylight in Zirakpur; the attackers, armed with swords and sticks, unleashed chaos.

Chandigarh News(आज समाज नेटवर्क) ज़ीरकपुर। ज़ीरकपुर के भबात क्षेत्र स्थित जरनैल एनक्लेव-3 में उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब 5 से 6 हथियारबंद युवकों ने एक घर में जबरन घुसकर हमला कर दिया। हमलावर डंडों और तलवारों से लैस थे और उन्होंने घर के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी रोष देखा गया। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में थाना ज़ीरकपुर में शिकायत दर्ज करवाई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़ित परिवार के मुखिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से उसकी नाबालिग बेटी को एक युवक लगातार परेशान कर रहा था। उक्त युवक उसकी बेटी के साथ स्कूल में पढ़ता था और आए दिन उसे फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। हालात इतने बिगड़ गए कि मजबूरन पीड़ित को अपनी बेटी को स्कूल से भी हटाना पड़ा। इसके बावजूद आरोपी युवक ने न केवल लड़की को फोन कर परेशान करना जारी रखा, बल्कि पीड़ित के बेटे को भी जान से मारने की धमकियां देने लगा।

पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई 

पीड़ित के अनुसार, बुधवार को वह अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था और उसकी पत्नी भी किसी काम से घर से बाहर थी। इसी दौरान 5–6 हमलावर हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के सामान को नुकसान पहुंचाया और जाते-जाते पीड़ित परिवार की कार को भी तोड़ डाला। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों का संबंध उसी युवक से है, जो रामदरबार क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से भी गुहार लगाएंगे।

यह भी पढ़े:- Chandigarh News : बेकाबू ट्रक पेड़ से टकराया, बड़ा हादसा टला