मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का अलर्ट किया जारी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 12 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल और यमुनानगर में ज्यादा बारिश के आसार हैं। वहीं अन्य जिलों में मध्यम व हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, भिवानी से बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसूनी टर्फ लाइन के कारण नमी युक्त हवाएं हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं। ऐसे में 14 से 15 जुलाई को उत्तर हरियाणा में मध्यम और दक्षिण-पश्चिम जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
अब तक यमुनानगर में हुई सबसे अधिक बारिश
अब तक प्रदेश में औसतन 150.7 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 41% अधिक है। इस समय तक 106.7 मिमी बारिश होती थी। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर जिले में हुई है। यहां 352.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट आई हैै।
शनिवार को 7 जिलों में हुई बारिश, हिसार में व्यक्ति की मौत
वहीं शनिवार को हरियाणा के 7 जिलों पानीपत, फतेहाबाद, फरीदाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर और गुरुग्राम में बारिश हुई। हिसार के हांसी में आसमानी बिजली कड़कने से घबराकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बिजली की आवाज सुनकर वह बेहोश हो गए थे। मृतक की पहचान गंगाधर (50) के तौर पर हुई है। मृतक के 2 बच्चे हैं। उनके भाई जयप्रकाश ने बताया कि यह सब अचानक ही हुआ। ऐसा लग रहा है कि तेज आवाज की वजह से उन्हें हार्ट अटैक आया होगा।