Chamoli Cloudburst Update, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तराखंड में चमोली जिले के नंदा नगर इलाके में गुरुवार रात भारी बारिश और भूस्खलन होने के लगभग 16 घंटे बाद एक शख्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया है इसके अलावा बचाव अभियान के दौरान भारी बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए एक घर के मलबे में फंसी एक महिला को स्थानीय लोगों की मदद से चमत्कारिक ढंग से सुरक्षित निकाल लिया गया।

महिला व पुरुष के अलावा और भी कई जानें बचाई

बचाव अभियान में पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अलग-अलग मामलों में महिला और पुरुष के अलावा और भी कई लोगों की जान बचाई गई है। बचाव किए गए व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाने से पहले घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया।

नंदनगर ब्लॉक के तहत ये इलाके प्रभावित

भारी बारिश के कारण जो इलाके प्रभावित हुए हैं, वे यह उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से लगभग 260 किलोमीटर और गोपेश्वर से 50 किलोमीटर दूर हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में बताया गया है कि चमोली के नंदनगर ब्लॉक के तहत सेंटी लगफली, फली लगफली, कुंतारी लगफली और धुरमा गांव में 30 से ज्यादा घर या तो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं या बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक जो इलाके प्रभावित हुए हैं, यह इलाका पहले से ही भू-धंसाव के कारण संवेदनशील है, और ताजा बादल फटने से स्थिति और खराब हो गई है।

14 लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका

सूत्रों के अनुसार अब भी 14 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है और 20 लोग घायल हुए हैं। खोज और बचाव दल लगातार बचाव के काम में जुटे हैं। बता दें कि पिछले कल सुबह करीब 2 बजे बिनसर पहाड़ी पर बादल फटने से नंदनगर क्षेत्र में भारी बाढ़ और भूस्खलन हुआ। कुंतारी लगफली और धुरमा गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। इस आपदा के बाद दस लोग लापता हो गए। इनमें से आठ कुंतारी लगफली के हैं, जिनमें चार लोगों का एक परिवार शामिल है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, वे स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। घटना की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।  बचाव कार्य को तेज करने के लिए जेसीबी मशीनें और अन्य उपकरण इस्तेमाल में लाए गए हैं।

ये भी पढ़ें : Uttarakhand Monsoon Live: चमोली के नंदानगर में फटा बादल, 10 लोग लापता