Punjab News : पंजाब के किसानों की मदद करे केंद्र सरकार : कृषि मंत्री

0
135
Punjab News : पंजाब के किसानों की मदद करे केंद्र सरकार : कृषि मंत्री
Punjab News : पंजाब के किसानों की मदद करे केंद्र सरकार : कृषि मंत्री

कहा, पंजाब में बारिश और ओलावृष्टि से 1.30 लाख एकड़ क्षेत्र में फसलों का नुकसान

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में पिछले कुछ दिनों से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला। इस दौरान खेतों में पकी खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा। इस बारे में जानकारी देते हुए पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इस मुश्किल समय में पंजाब और पंजाब के किसानों की मदद की मांग की है।

कृषि मंत्री ने कहा कि इस नुकसान का आंकलन करने के लिए केंद्र प्रदेश में तत्काल एक उच्च स्तरीय टीम भेजे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में गुरमीत सिंह खुड्डियां ने हालिया खराब मौसम के कारण राज्य में गेहूं की फसल पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा रबी सीजन के दौरान 35 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बुवाई की गई थी और इस बार बंपर उत्पादन की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान ने किसानों के लिए गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

आने वाले दिनों में बढ़ सकता है नुकसान

खुड्डियां ने बताया कि राज्य के कृषि विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार 1.30 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में फसलों के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण नुकसान बढ़ता जा रहा है और यह आंकड़ा आगे और बढ़ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि यह नुकसान केवल गेहूं तक सीमित नहीं है, बल्कि फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, अमृतसर, मोगा और मानसा सहित कई जिलों में सब्जियों, हरे चारे और रबी की अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। यह स्थिति किसानों की आजीविका और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन रही है।

प्रदेश सरकार ने दिए विशेष गिरदावरी के आदेश

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा इस संकट से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए खुड्डियां ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए विशेष गिरदावरी के आदेश जारी कर दिए हैं।नुकसान के पैमाने और किसानों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है। खुड्डियां ने जोर देकर कहा कि विस्तृत आकलन के लिए जल्द से जल्द केंद्रीय टीम भेजना आवश्यक है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों के समर्थन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और केंद्रीय टीम को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।