गृह विभाग ने 1100 सेंसेटिव स्पॉट की पहचान की थी
इन स्थानों पर बनी रहती है किसी न किसी अप्रिय घटना के घटने की संभावना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: गृह विभाग ने हरियाणा की जेलों में 1100 स्थानों को सेंसेटिव जोन में रखा है। इन स्थानों पर किसी न किसी अप्रिय घटना के घटने की संभावना बनी रहती है। इसी के मद्देनजर अब विभाग ने इन स्थानों पर 1100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए है। ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इनकी देखरेख के लिए जेलों के भीतर ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए है, जिनसे 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इनमें से कई स्थान ऐसे हैं, जहां से बाहरी व्यक्ति जेलों के अंदर मोबाइल तक फेंक देते हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा रोहतक में हाई सिक्योरिटी जेल बनाई जाएगी।

सभी जेलों में बनेंगे सुधारात्मक कैंपस

हरियाणा जेल विभाग की सभी जेलों में सुधारात्मक कैंपस बनाने की योजना है। इनमें बंदियों के सुधार, पुनर्वास और समाज में पुन: समायोजन से संबंधित कार्य किया जाएगा। यही नहीं सरकार द्वारा फरीदाबाद और करनाल में ओपन जेल भी स्थापित की जा चुकी है, जिसमें 36 योग्य बंदियों को शिफ्ट किया गया है।

रेवाड़ी में बन रही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई जेल

इसके अलावा रेवाड़ी में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई जेल बनाई जा रही है, इसमें 1000 बंदियों को रखने की क्षमता होगी। दरअसल, इस समय प्रदेश में तीन केंद्रीय और 17 जिला जेल हैं, जिनमें 22000 क्षमता है।

8 जेलों में किए कोल्हू स्थापित

प्रदेश की 8 जेलों हिसार-एक, सिरसा, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर और नूह की फैक्ट्री शाखा में कैदियों की सार्थक भागीदारी से सरसों का तेल निकालने के लिए आॅयल प्रैस मशीन (कोल्हू) स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पांच जेलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक और नूह को फैक्ट्री शाखा में कैदियों की सार्थक भागीदारी से औद्योगिक आटा मशीन स्थापित की गई है। वहीं करनाल में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए एक जेल अकादमी का निर्माण किया गया है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

ये भी पढ़ें : पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार को 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी देंगी हरियाणा सरकार