India-Canada Trade Deal : भारत के साथ जल्द व्यापार समझौता करना चाहता है कनाडा

0
140
India-Canada Trade Deal : भारत के साथ जल्द एफटीए करना चाहता है कनाडा
India-Canada Trade Deal : भारत के साथ जल्द एफटीए करना चाहता है कनाडा

कनाडा के उद्योग मंत्री ने पीयूष गोयल को दिया कनाडा आने का न्योता, अगले माह भारत के उद्योग मंत्री जाएंगे कनाडा

India-Canada Trade Deal (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से विश्व के बहुत सारे देश चकित हैं। इस समझौते की महत्वता इसी बात से आंकी जा सकती है कि इसे मदर ऑफ ऑल डील का नाम दिया गया था। इस समझौते से जहां भारत के लिए यूरोप के 27 देशों के दरवाजे खुल गए हैं। वहीं भारत को निर्यात का एक बड़ा बाजार भी मिल गया है। वहीं दूसरी तरफ अब कनाडा भी जल्द से जल्द भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) साइन करना चाहता है।

वर्तमान में दोनों देशों के बीच इतना व्यापार

व्यापार के आंकड़े ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापार में भारत की स्थिति मजबूत हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारत का कनाडा को निर्यात 9.8% बढ़कर 4.22 अरब डॉलर हो गया है। वहीं, कनाडा से भारत आने वाला सामान (आयात) 2.33% घटकर 4.44 अरब डॉलर रह गया है।

2023 से रूकी हुई है वार्ता

कनाडा ने भारत के साथ ‘फ्री ट्रेड एग्रीमेंट’ (एफटीए) यानी मुक्त व्यापार समझौते की बातचीत को फिर से पटरी पर लाने और इसे तेज करने की इच्छा जताई है। एक अधिकारी के मुताबिक, कनाडा के अंतराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने अपने भारतीय समकक्ष पीयूष गोयल को अगले महीने (फरवरी) के तीसरे हफ्ते में कनाडा आने का न्योता दिया है। 2023 के बाद अब नई शुरूआत दरअसल, दोनों देश पहले भी व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे थे, लेकिन 2023 में कनाडा ने इसे रोक दिया था।

अब दो साल बाद, बदले हुए वैश्विक हालात को देखते हुए दोनों पक्ष पुरानी बातों को पीछे छोड़कर एक ‘नई शुरूआत’ करने जा रहे हैं। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि बातचीत को औपचारिक रूप से शुरू करने के लिए दोनों देश ‘टर्म्स आॅफ रेफरेंस’ को अंतिम रूप देने में लगे हैं। यह दस्तावेज तय करेगा कि समझौते का दायरा क्या होगा और बातचीत कैसे आगे बढ़ेगी।

भारत कई देशों के साथ कर रहा बातचीत

ज्ञात रहे कि भारत ने पिछले साल अमेरिका द्वारा उच्च टैरिफ लगाने के बाद अपनी व्यापार नीति को बदलते हुए एक देश पर अपनी निर्भरता को कम करते हुए विश्व के कई देशों के साथ व्यापार रिश्ते बनाने की कोशिश की है। इसके चलते पिछले कई साल से रुकी वार्ताओं को तेज किया गया है और कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। वर्तमान में भारत 12 से अधिक देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है जिनका इसी साल पूरा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : Business News Hindi : आरबीआई आज 50 हजार करोड़ की सरकारी सिक्योरिटी खरीदेगा