ऊंटों को काटने की तैयारी में थे तस्कर
Nuh News (आज समाज) नूंह: हरियाणा में नूंह में ऊंटों की तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने समय रहते रेड कर ऊंटों को तस्करों के चंगुल से मुक्त करा लिया। तस्कर ऊंटों को काटने की तैयारी कर रहे थे। तस्करों ने एक ऊंट की दोनों आंख फोड़ रखी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे में 10 ऊंटों को मुक्त कराने में कामयाबी हासिल की। वहीं छापेमारी के दौरान तीन आरोपी भागने में सफल हो गए।
घटना नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नावली की है। यहां पर अरावली पहाड़ी के समीप से क्रूरता पूर्वक 10 ऊंटों को रस्सियों से बांध रखा था। फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस में अज्ञात ऊंट तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्कर एनसीआर क्षेत्र में करते थे ऊंटों के मांस की सप्लाई
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुरुवार की रात करीब 9 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव नावली के पास अरावली पहाड़ी के समीप कुछ अज्ञात लोग ऊंटों को काटकर उनके मांस को गुड़गांव, दिल्ली जैसे एनसीआर क्षेत्रों में सप्लाई करते हैं। आरोपी ऊंटों को काटने की तैयारी कर कर रहे है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भागने में कामयाब हो गए। मौके पर देखा तो 6 ऊंट और 4 ऊंटनी क्रूरता पूर्वक रस्सियों से बंधे हुए मिले। देखने लग रहा था कि ऊंट काफी दिनों से भूखे प्यासे है। वहीं एक ऊंट की तस्करों ने दोनों आंख फोड़ रखी थी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी ओमवीर ने बताया कि पुलिस ने मौके से सभी 10 ऊंटों को बचा लिया है। ऊंट काटने वाले कुल तीन लोग थे। जो पुलिस को देखकर भाग गए। जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मौके से 10 ऊंट, कुल्हाड़ी और छुरी बरामद हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : आज हरियाणा के 6 जिलों में हो सकती है बारिश, 10 जिलों में चलेंगी लू