भाजपा का जवाब- राहुल अपने परिवार का इतिहास देख लें
Rahul Gandhi, (आज समाज), रायबरेली/अमेठी: नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज रायबरेली व अमेठी के दौरे पर है। यहां पर राहुल ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, आरएसएस, पीएम और गृहमंत्री पर जमकर हमला बोला। रायबरेली में राहुल ने कहा कि जब आरएसएस के कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे तो उनसे खुलकर कहिएगा कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है।
आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है। कांग्रेस सांसद ने कहा, अब आर्थिक तूफान आ रहा है। मोदी आपको बचा नहीं पाएंगे। याद रखना, जैसे कोविड और नोटबंदी के समय रोए थे, कहा था- मुझे फांसी पर लटका देना। वैसे ही टीवी पर फिर आएंगे। हाथ जोड़ेंगे। रोएंगे। कहेंगे- मेरी गलती नहीं है। इसके बाद राहुल अमेठी पहुंचे।
यहां उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा, इटली की पीएम मेलोनी को नरेंद्र मोदी टॉफी खिला रहे हैं। रील बनाई जा रही हैं। ये बीजेपी वाले मेरा मजाक उड़ाते हैं। जो आर्थिक दीवार उन्हें खड़ी करनी थी। उन्होंने नहीं की। अब मेलोनी के साथ वीडियो बना रहे हैं। मजाक चल रहा है। देश में बिजनेस बंद हो रहे हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है।
राहुल पीएम को नहीं, बल्कि देश को गाली दे रहे
वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा, यह उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है। पीएम के नेतृत्व में आतंकवाद पर लगाम लगा। क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है? क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा- राहुल गांधी सत्ता न मिलने के कारण निराशा हैं। वे पीएम मोदी को गाली नहीं दे रहे हैं, बल्कि देश को गाली दे रहे हैं।
गांधी परिवार ने हर क्षण गद्दारी की
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, जिस प्रकार की भाषा राहुल गांधी ने ओबीसी समाज, गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री के लिए की है, उन्हें गद्दार कहा वह दिखाता है कि उनके संस्कार कैसे हैं। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कई गालियां दी हैं। क्योंकि प्रधानमंत्री ओबीसी, गरीब समाज से आते हैं, इसलिए उन्हें बार-बार गाली देने का काम ये लोग करते हैं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जहां तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें, हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है?
ये भी पढ़ें: भारत-इटली द्विपक्षीय व्यापार 2029 तक 20 अरब यूरो पार पहुंचाने पर सहमत


