Cyber fraud: साइबर ठगी का नया तरीका ‘NO’ मैसेज, सेकंड भर में बैंक अकाउंट खाली, जानें बचने का तरीका

0
86
तेजी से डिजिटल होती दुनिया में अगर आप अपडेट नहीं हैं, तो आपकी मेहनत की गाढ़ी कमाई साइबर ठगों के हाथ लग सकती है। इसके बाद, आपके पास पछताने के सिवा कोई रास्ता नहीं होता। साइबर ठग इन दिनों ठगी के लिए एक अनोखा तरीका अपना रहे हैं।

Cyber fraud: तेजी से डिजिटल होती दुनिया में अगर आप अपडेट नहीं हैं, तो आपकी मेहनत की गाढ़ी कमाई साइबर ठगों के हाथ लग सकती है। इसके बाद, आपके पास पछताने के सिवा कोई रास्ता नहीं होता। दरअसल, साइबर ठग इन दिनों ठगी के लिए एक अनोखा तरीका अपना रहे हैं, जिसमें आपके WhatsApp पर एक मैसेज आता है। मैसेज में आपसे NO लिखने के लिए कहा जाता है। जैसे ही आप यह मैसेज भेजते हैं आपका बैंक अकाउंट खाली हो जाता है। इस फर्जीवाड़े में कई लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा चुके हैं।

पुलिस कमिश्नर ने किया आगाह

हैदराबाद सिटी के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस नए WhatsApp स्कैम के बारे में चेतावनी दी है। इस स्कैम में न तो कोई OTP शेयर किया जाता है और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया जाता है। बस एक बटन पर आपसे क्लिक करने के लिए कहा जाता है। क्लिक करते ही आपका बैंक अकाउंट खाली कर दिया जाता है। कमिश्नर ने बताया कि हाल ही में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने इस स्कैम में लाखों रुपये गंवा दिए।

कैसे होता है यह स्कैम

  • साइबर ठग किसी अंजान या इंटरनेशनल नंबर से एक फर्जी WhatsApp मैसेज भेजते हैं, जिसमें कहा जाता है कि आपके अकाउंट से पैसे कट गए हैं।
  • इसके बाद दूसरा मैसेज आता है: ”अगर आपने यह ट्रांजैक्शन नहीं किया है, तो ‘NO’ लिखकर जवाब दें।”
  • घबराहट में लोग ‘NO’ का जवाब दे देते हैं। मैसेज में छिपे लिंक और मैलवेयर स्क्रिप्ट अपने आप एक्टिवेट हो जाते हैं, (इसे ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक कहते हैं) जिससे हैकर्स को फोन का पूरा कंट्रोल मिल जाता है। इसके बाद, कुछ ही पलों में आपके अकाउंट में मौजूद पैसे गायब हो जाते हैं।

क्या करें:

  • अंजान नंबरों से बैंक ट्रांजैक्शन के बारे में आने वाले WhatsApp मैसेज का कभी जवाब न दें। यहां तक कि ‘Yes’ या ‘No’ भी न लिखें। नंबर को ब्लॉक करें और मैसेज डिलीट कर दें।
  • अगर आपको डेबिट का अलर्ट मिले, तो घबराएं नहीं। अपनी ऑफिशियल नेट बैंकिंग या मोबाइल ऐप में लॉग इन करें और अपना स्टेटमेंट चेक करें।
  • कोई भी बैंक WhatsApp पर ‘Yes’ या ‘No’ में जवाब नहीं मांगता। अगर कोई शक हो, तो अपनी पासबुक या कार्ड के पीछे दिए गए ऑफिशियल टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर ही कॉल करें।

फ्रॉड हो गया?

तुरंत नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या http://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। पहले घंटे यानी “गोल्डन आवर” में रिपोर्ट करने से धोखेबाजों के अकाउंट फ्रीज करने और आपके पैसे बचाने की सबसे ज्यादा संभावना होती है। जल्दबाजी में दिया गया एक ‘NO’ मैसेज आपकी जीवन भर की बचत को खत्म कर सकता है। इसलिए सावधान रहें।