निगम ने घर अवैध होने का नोटिस लगाया
पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है रोमिल वोहरा
Yamunanagar News (आज समाज) यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर स्थित गैंगस्टर रोमिल वोहरा के घर पर बुलडोजर चलेगा। घर अवैध रूप से बना हुआ है। निगम ने घर को गिराने के लिए नोटिस भी चस्पा दिया है। इससे पहले 3 जून को भी निगम घर गिराने को लेकर नोटिस दे चुका है। रोमिल वोहरा का यह मकान 57 वर्ग गज में बना हुआ है। तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस की ओर से भी उसके घर पर मोस्ट वांटेड का पोस्टर चिपकाया गया था। आपको बता दे कि गैंगस्टर रोमिल वोहरा को अंबाला एसटीएफ ने गत दिवस गुरुग्राम में मार गिराया था।

रोमिल ने कुरुक्षेत्र के शाहबाद में शराब कारोबारी शांतनु की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले भी रोमिल खेड़ी लक्खा तीन लोगों की हत्या कर चुका है। पुलिस को काफी समय से रोमिल की तलाश थी। पुलिस ने रोमिल पर 2 लाख रुपए का इनाम भी रखा हुआ था।

मां और बाप जेल में

रोमिल वोहरा के पिता कपिल वोहरा को खेड़ी लक्खा सिंह में हुए तिहरे हत्याकांड में मदद करने व साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं उसकी मां को व्यासपुर में आइलेट्स सेंटर पर फायरिंग के मामले में साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

नोनी राणा के साथ पढ़ता था रोमिल

रोमिल वोहरा ने बीए तक की पढ़ाई गुरु नानक खालसा कॉलेज से की थी। इससे पहले वह स्कूल के समय में गैंगस्टर नोनी राणा के साथ पढ़ा था। अपने एक अन्य दोस्त बैंक कालोनी निवासी शुभम पंडित के साथ वह झगड़ों में शामिल रहता। नोनी राणा से भी उसकी दोस्ती बनी रही। लगभग एक वर्ष से वह नोनी राणा के लिए काम करने लगा था। उसके कहने पर उसने यमुनानगर सहित अन्य जिलों में लगातार वारदात की।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में 1684 केंद्रों पर 2 दिन में हो सकता है सीईटी एग्जाम