13 जुलाई को गाड़ी सहित लापता हुए थे चारों दोस्त
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: हरियाणा के सिरसा से लापता हुए 4 दोस्तों के शव राजकैनाल से मिल गए है। चारों दोस्त 13 जुलाई की रात से लापता था। सभी बोलेरो गाड़ी में घर से निकले थे। शुक्रवार को राजस्थान नहर सुबह करीब 10 बजे काला तितर तथा सुकेराखेड़ा पुल के बीच एक शव बहता मिला था। दोपहर बाद करीब एक बजे पुलिस ने नहर में गिरी बोलेरो गाड़ी को बाहर निकाला तो उसमें से चार शव बरामद हुए।

मृतकों में 54 वर्षीय रविंद्र उर्फ चौथ राम, 33 वर्षीय विनोद उर्फ बिंद्र, 26 वर्षीय रायसिंह निवासी कालुआना और चौथा 46 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी गणेशगढ़ है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिए गए।

गाड़ी में नहर की ओर जाते दिखाई दिए

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे घर से निकले थे। चारों बोलेरो में सवार थे। बिंद्र ने अपने चचेरे भाई को कहा था कि वे कुछ समय में लौटकर आ रहे हैं। बाद में चारों के मोबाइल बंद मिले।

14 जुलाई की देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने पुलिस में केस दर्ज करवाया था। पुलिस तथा ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि वे गंगा गांव की ओर गए थे। गंगा गांव में रात 12.08 की फुटेज मिली। जिसके आधार पर राजस्थान नहर पर तलाश शुरू की गई थी।

गोताखोरों ने नहर में गाड़ी होने की पुष्टि की

सुकेराखेड़ा पुल के मध्य बोलेरो गाड़ी नहर में गिरने के तथ्य मिले तो गोताखोर बुलाए गए। रात्रि आठ बजे गोताखोरों ने पुष्टि की कि नहर में गाड़ी है। शुक्रवार सुबह फिर से सर्च आॅपरेशन चलाया गया और विनोद उर्फ बिंद्र का शव मिल गया। गाड़ी को हाइड्रा की मदद से बाहर निकाला गया तो उसमें से तीनों शव मिल गए।

खाने-पीने के लिए गांव अबूबशहर की ओर रहे थे जा

सदर थाना पुलिस प्रभारी एसआई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गांव कालुआना निवासी रविंद्र, विनोद तथा राय सिंह दोस्त थे। जबकि बलवीर सिंह बिंद्र का रिश्तेदार था। चारों खाने-पीने के लिए गांव अबूबशहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बोलेरो गाड़ी राजस्थान नहर में गिर गई। स्वजन के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।