गोलियां चली, 9 लोग घायल, 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
Nuh News(आज समाज), नूंह: हरियाणा के नूंह में 2 पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद खाली पड़े प्लॉट से अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियां उठाने की बात पर हुआ। मामूली सी बात से शुरू हुई तकरार अचानक से खूनी संषर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों में लाठी डंडे ही नहीं गोलियां भी चली। इस खूनी संघर्ष में 9 लोगों के घायल होने का समाचार है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार तावडू खंड के गांव बिस्सर अकबरपुर निवासी राजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका गांव में पंचायत का एक प्लॉट खाली पड़ा हुआ है। करीब 40 साल से प्लॉट पर उनका कब्जा है और वहां लकडियां सहित अन्य सामान रखा हुआ है।

भाई के अंतिम संस्कार के लिए गए थे लकड़ियां लेने

18 नवंबर को उसके चचेरे भाई धर्मवीर का देहांत हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए वह लकड़ियां लेने के लिए प्लॉट पर गए। जहां गांव के रहने वाले सुखबीर, रामदेव, रामकिशन उर्फ बिल्लू, सतबीर उर्फ चिंटू, प्रवीण उर्फ काला, पवन उर्फ डुग्लू, नवीन, प्रशांत, प्रियांशु और दिपांशु सहित अन्य लोग मौके अपने हाथों में लाठी-डंडे, चाकू और हथियार लेकर आ गए। प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक बहस होती रही, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

भतीजे पर चलाई गोली

आरोपियों ने लाठी डंडों से राजा और उसके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गए। वहीं रामदेव ने अपने हाथ में ली बंदूक से उनके भतीजे रोहित पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया, जो गोली के छर्रे रोहित के हाथ में लगे।

10 से 12 बार की फायरिंग

राजा ने बताया कि आरोपी उदल ने अपने हाथ में ली बंदूक से उसके परिवार के लोगों पर 10 से 12 बार फायरिंग की। उन्होंने छुपकर अपनी जान बचाई। झगड़े में उनके परिवार के लोगों को गंभीर चोट आई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 के पुलिस कर्मचारियों ने झगड़े को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए तावडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने सोनू, अभिषेक, उदल, अंकित व रोहित को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम, अंबाला, करनाल, पानीपत और फरीदाबाद की जेलों में शुरू होंगे वोकेशनल-आईटीआई कोर्स