Amritsar Crime News : दो हैंड ग्रेनेड सहित बीकेआई सदस्य गिरफ्तार

0
74
Amritsar Crime News : दो हैंड ग्रेनेड सहित बीकेआई सदस्य गिरफ्तार
Amritsar Crime News : दो हैंड ग्रेनेड सहित बीकेआई सदस्य गिरफ्तार

बरामद किए गए ग्रेनेड सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा थे : डीजीपी

Amritsar Crime News  (आज समाज), अमृतसर : प्रदेश को पूरी तरह से अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से की जा रही विशेष कार्रवाई में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने बड़ी सफलता उस समय हासिल की जब दो जिंदा हैंड ग्रेनेड के साथ बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) समर्थित मॉड्यूल से जुड़े विदेशी हैंडलरों के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी सरकारी इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे और उन्होंने इन हैंड ग्रेनेड का प्रयोग उसी अपराध में करना था।

शुरुआती जांच में यह आया सामने

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अजनाला, अमृतसर के बाजीगर मोहल्ला निवासी अजय तथा फत्तेवाल कलां निवासी जोधबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने हैंड ग्रेनेड बरामद करने के अलावा उनका काले रंग का हीरो स्प्लेंडर (पीबी 02 ईके 2107) मोटरसाइकिल भी जब्त किया है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए ग्रेनेड एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे, जिनका उद्देश्य सरकारी संस्थानों एवं बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर पंजाब की शांति और कानून व्यवस्था को भंग करना था।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

आॅपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलरों द्वारा अपने साथियों को हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवाए गए हैं और उन्हें आगे अपने किसी अन्य कार्यकर्ता के साथ अमृतसर के लोहारका रोड क्षेत्र में संपर्क स्थापित करने के लिए कहा गया है।

इस पुख्ता सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने नाका लगाकर संदिग्ध अजय और जोधबीर सिंह को रोका और उनकी तलाशी ली। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है ताकि नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके।