साल 2027 में होने हैं पंजाब में चुनाव, सिख वोटर्स पर विशेष फोकस
BJP Target Punjab, (आज समाज), चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागम में हिस्सा लेंगे के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र आज रहे है। पीएम श्री गुरु तेग बहादुर जी की याद में डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे। पीएम के दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो चुकी है। पीएम का यह दौरा साल 2027 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हरियाणा के रास्ते पंजाब को साधने की जुगत में लगा है।
भाजपा का मुख्य लक्ष्य पंजाब के सिख वोटर्स को लुभाने का है। इसके लिए भाजपा पिछले एक साल से हरियाणा के रास्ते पंजाब पर फोकस कर रही है। भाजपा लगातार हरियाणा के सीएम नायब सैनी को पंजाब में भेज रही है। हरियाणा भाजपा का नेतृत्व भी पंजाब में एक्टिव है। कुछ दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने पंजाब में भाजपा की सदस्यता लेने वाले लोगों से फोन पर बात की थी। सीएम लगातार पंजाब के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं।
हरियाणा सरकार की ओर से सिखों के हित में लिए गए फैसले
- हरियाणा सरकार ने हाल ही में 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया, जिसको लेकर कैबिनेट ने भी अपनी मुहर लगाई। इस फैसले से 121 परिवारों को सरकारी नौकरी का लाभ मिल रहा है।
- सिख गुरुओं की शिक्षा के लिए कुरुक्षेत्र में एक सिख संग्रहालय सरकार बना रही है। सिख धर्मशालाओं, गुरुद्वारों को सरकार अनुदान दे रही है। यमुनानगर के लोहगढ़ में भी संग्रहालय बन रहा है।
- हाल ही में आई बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को मदद की पेशकश की थी। इसके बाद हर जिले से पंजाब के बाढ़ ग्रस्त इलाकों की मदद के लिए राहत सामग्री भरे हुए ट्रकों को रवाना किया गया।
सीएम नायब सैनी कर रहे पंजाब के दौरे
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने पंजाब में अभी हरियाणा सीएम सैनी को फ्रंट फेस बना रखा है। यही वजह है कि सीएम लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं। वहां होने वाले हर छोटे-बड़े कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
7 जिलों में सैनी समाज का अच्छा प्रभाव
दरअसल, पंजाब के 7 जिले होशियारपुर, जालंधर, मोहाली, कपूरथला, गुरदासपुर, रोपड़, पटियाला में सैनी समाज का अच्छा प्रभाव है। सीएम नायब सैनी के जरिए बीजेपी पंजाब की इस खास बेल्ट पर फोकस कर रही है। हरियाणा के सीएम भी सैनी समाज से आते हैं। सीएम सैनी की माता पंजाब से हैं। सीएम भी इसका खुलासा सार्वजनिक मंचों से कर चुके हैं।
नायब सैनी को मिल चुका शेर ए पंजाब का पुरस्कार
हाल ही में चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आयोजित एक समारोह में ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन ने सीएम नायब सिंह सैनी को शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें: आज कुरुक्षेत्र आएंगे पीएम मोदी, श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस समागम में करेंगे शिरकत