कहा, रेखा गुप्ता सरकार ने 100 दिन पूरे होने का जश्न मनाने में फूंके सरकारी खजाने के करोड़ों रुपए
Delhi Congress News (आज समाज), नई दिल्ली। एक तरफ जहां दिल्ली की भाजपा सरकार ने गत दिवस अपने 100 दिन के कार्यकाल का लेखा जोखा दिल्ली की जनता के सामने रखा। वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वह अपने झूठे प्रचार के लिए दिल्ली की जनता की कमाई के करोड़ों रुपए खर्च रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने जश्न मनाने में सरकारी खजाने के करोड़ों रुपये अपनी नाकामी को छिपाने के लिए फूंक डाले।
उन्होंने कहा कि भाजपा की 100 दिनों की रिपोर्ट मात्र एक प्रचार अभियान है जिसमें जनता के साथ एक बार फिर छल किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जश्न मनाने के बजाय दिल्ली की गंभीर समस्याओं जैसे स्वास्थ्य ढांचे का सुधार, यमुना की वास्तविक सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, जल भराव, कानून व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, सफाई व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
प्रचार के लिए अभिनेता को बुलाया
देवेन्द्र यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में फिल्म अभिनेता अनुपम खेर को बुलाकर अपना झूठा प्रचार करने में करोड़ों रुपये बर्बाद करके अपना चेहरा चमकाने की नाकाम कोशिश की है। जबकि इस जश्न पर खर्च हुए करोड़ो रुपये सरकार द्वारा उजाडे गए झुग्गी झौपड़ियों और रेहड़ी पेटरी वालों को पुर्नस्थापित करने और महिलाओं को महिला समृद्धि योजना में 2500 रुपये मासिक देने के लिए खर्च करने चाहिए थे।
दिल्ली में कम नहीं हो रहा अपराध
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के संबध में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्रियों के साथ विभिन्न स्तरों पर बैठकें की परंतु राजधानी में अपराध कम होने की जगह हालात लगातार गंभीर हो रहे है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार के दौरान दिल्ली अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि क्या पुलिस पर सरकार का कोई नियंत्रण नही है या पुलिस अपराध रोकने में पूर्णत: नाकाम है जबकि दिल्ली पुलिस पर प्रत्येक वर्ष लगभग 12,000 करोड़ रुपये खर्च होते है।
ये भी पढ़ें : Delhi Corona Update : कोरोना से दिल्ली में तीन मौत, तेजी से फैल रहा वायरस