पंजाब विश्वविद्यालय में पिछला दरवाजा ढूंढ रही है केंद्र सरकार , भारतीय चुनाव आयोग की घटती विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पंजाब विश्वविद्यालय में पिछले दरवाजे से प्रवेश करने का प्रयास कर रही है, लेकिन राज्य सरकार किसी भी कीमत पर ऐसा होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आरंभ से ही चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय हमारे राज्य की भावनात्मक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और समृद्ध विरासत का हिस्सा रहा है। उन्होंने अफसोस जताया कि विश्वविद्यालय के अस्तित्व को बदलने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं, परंतु पंजाब सरकार विद्यार्थियों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।
भाजपा पंजाब को कमजोर करने पर तुली हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब विरोधी मानसिकता से ग्रसित है, इसी कारण वह राज्य को कमजोर करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य की झांकियों को स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस समारोहों में शामिल होने की अनुमति नहीं देती। इसी तरह बीबीएमबी, पंजाब विश्वविद्यालय और अन्य मुद्दों में बेवजह हस्तक्षेप भगवा पार्टी की राज्य विरोधी सोच को दर्शाता है।
चुनाव आयोग की घटती विश्वसनीयता घातक
मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की कि भारतीय चुनाव आयोग की घटती विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए घातक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल ईवीएम और वोट चोरी पर सवाल उठा रहा है, तो चुनाव आयोग को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। परंतु आयोग इस पर चुप है, जबकि भाजपा उसके प्रवक्ता की तरह काम कर रही है, जो पूरी तरह गलत है।
कांग्रेस नेतृत्व राजशाही मानसिकता से ग्रसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बल्कि पूरी कांग्रेस नेतृत्व राजशाही मानसिकता से ग्रसित है, जिसके कारण वे आम लोगों के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राजा वड़िंग ने ऐसा असंवेदनशील बयान दिया है — यह तो इन घमंडी नेताओं की पुरानी आदत रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा, सुनील जाखड़ (जो अब भाजपा में हैं) और अन्य नेताओं ने भी अपनी ही पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ इसी प्रकार की भाषा का प्रयोग किया था।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : नागरिक केंद्रित सेवाओं में नए युग की शुरुआत : मान