कहा- इलेक्शन कमीशन की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल
Bhupendra Singh Hooda,  (आज समाज), रोहतक: नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई है, जिसका खुलासा राहुल गांधी पूरे देश में कर चुके है। आज दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली में भी राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर बड़ा खुलासा करने वाले है। भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमीशन को निष्पक्ष होकर वोट करवाने चाहिए थे, लेकिन आज इलेक्शन कमीशन की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। कैसे वोट चोरी हो रहे हैं, इसका खुलासा हो चुका है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारत को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबा संघर्ष करके आजाद करवाया और संविधान बनाया था। संविधान में सभी को वोट देने का अधिकार है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आज

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का खुलासा कर रहे हैं और आज दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली भी बड़ा खुलासा किया जाएगा। रैली को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी व सोनिया गांधी भी संबोधित करेंगी।

चुनाव परिणाम के बाद 3 दिन बदलता रहा वोट प्रतिशत

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद 3 दिन तक वोट प्रतिशत बदलता रहा। 5 तारीख को 61.09 प्रतिशत वोटिंग बताई गई। 6 तारीख को बढ़कर 65 प्रतिशत बताई और 7 तारीख को बढ़कर 67.90 वोटिंग बताई। तीन दिन वोट प्रतिशत बदलता रहा, जो इलेक्शन कमीशन पर सवाल उठा रहा है।