14 मार्च को मोगा में भाजपा की बदलाव रैली में अमित शाह भरेंगे हुंकार
Amit Shah Punjab Visit (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा में मिशन 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि पंजाब एक ऐसा राज्य है जहां सत्ता के लिए भाजपा को सबसे ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। अब जबकि पंजाब में विधानसभा चुनाव में लगभग एक साल का समय ही शेष बचा है तो इस सबके बीच भाजपा ने यहां पर जमीनी स्तर पर लोगों की परेशानियां जानने और उनको विश्वास दिलाने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसी के चलते देश के गृह मंत्री अमित शाही अगले माह पंजाब की धरती से विपक्षी दलों के खिलाफ हुंकार भरने ज रहे हैं।
प्रदेश भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष ने दी जानकारी
भारतीय जनता पार्टी पंजाब 14 मार्च को मोगा में बदलाव रैली का आयोजन करेगी, जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। यह घोषणा करते हुए पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि हर तरह से त्रस्त पंजाब का हर वर्ग आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल कर बदलाव के रूप में भाजपा को एक विश्वसनीय और क्रेडिबल विकल्प मान चुका है। 16 मार्च 2026 को आम आदमी पार्टी सरकार के चार वर्ष पूरे हो जाएंगे। इन चार वर्षों में चुनावी गारंटियां और वादे पूरे करना तो दूर, आप सरकार पंजाब में कानून का राज भी सुनिश्चित नहीं कर पाई।
भाजपा के निशाने पर आप का रिपोर्ट कार्ड
शर्मा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बदहाल है और नशा व माइनिंग माफिया के साथ भ्रष्टाचार बेलगाम है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, कर्मचारियों को वेतन-पेंशन समय पर नहीं मिल रही। मुफ्त योजनाओं का बकाया न मिलने से बिजली बोर्ड और पंजाब रोडवेज भारी घाटे में हैं और महीनों से वेतन तक नहीं दे पा रहे। शहरों, कस्बों व गांवों को जाने वाली और उनके अंदर की सड़कों को नया तो क्या बनाना चार साल में खड्डे भी नहीं भर पाई आप सरकार । शर्मा ने आगे कहा कि पंजाब के हर गांव, कस्बे और शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं रोज हो रही हैं।
बड़े व्यापारियों के साथ-साथ अब फिरौती के लिए फोन आटा-दाल बेचने वाले किराना दुकानदारों तक को आ रहे हैं। कबड्डी खिलाड़ियों को सरेआम मौत के घाट उतारा जा रहा है। गैंगस्टर खुलेआम गोलियां चलाकर जिसे चाहें मार रहे हैं, और अब तो पुलिस थानों तथा एसएसपी कार्यालयों के बाहर भी बेखौफ वारदातें हो रही हैं।अंत में शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता आप सरकार से छुटकारा पाकर राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाएगी और पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी।


