Bihar Election Results 2025, (आज समाज), पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। हर मतगणना केंद्र के बाहर व अन्य अहम जगहों पर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
राज्य में 6 और 11 नवंबर को हुए 243 सदस्यीय विधानसभा के दो चरणों के चुनावों में 67.13% का ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया।
एनडीए 80 सीटों पर, महागठबंधन 55 सीटों पर आगे
शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए ) कई सीटों पर आगे चल रहा है। सुबह 8.45 बजे के शुरुआती रुझानों में एनडीए 80 सीटों पर और महागठबंधन 55 सीटों पर आगे चल रहा है। डाक मतपत्रों की गिनती अभी जारी है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव, जो महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, राघोपुर विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।
दो चरणों के चुनावों में 67.13% का ऐतिहासिक मतदान दर्ज
गायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर सीट पर आगे चल रही हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर पहली बार चुनावी मैदान में हैं। सभी 243 विधानसभा सीटों के नतीजे तय करेंगे कि क्या जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार रिकॉर्ड पांचवीं बार सत्ता में आ पाएंगे या सरकार में बदलाव देखने को मिलेगा। बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। जो लोग नीतीश कुमार को हाशिये पर रखते थे, अब उन्हें समझ आ गया है कि नीतीश कुमार क्या हैं।”
एग्ज़िट पोल : एनडीए, जेडीयू के लिए क्लीन स्वीप का अनुमान
ज़्यादातर एग्ज़िट पोल (Exit Polls) ने NDA, जिसमें JDU भी शामिल है, के लिए क्लीन स्वीप की भविष्यवाणी की है। तेजस्वी यादव ने इन अनुमानों को खारिज करते हुए दावा किया है कि महागठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। तेजस्वी यादव के अलावा, दोनों गठबंधनों के प्रमुख उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के तेज प्रताप और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार शामिल हैं।


