- विज्ञान संकाय में प्रदेश में टॉप करने वाले छात्र नमन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन कर दी बधाई
(Bhiwani News) भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा के घोषित परिणाम में विज्ञान संकाय में प्रदेश में टॉप स्थान पर रहने वाले पीएस नवयुग स्कूल तोशाम के छात्र नमन का मंगलवार देर सांय उस समय खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनको फोन कर बधाई और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री द्वारा शुभकामनाएं दिए जाने पर न केवल नमन और उनके परिजन बल्कि स्कूल स्टाफ सदस्य भी खुशी के मारे फूला नहीं समा रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन कर नमन को बधाई दी
उल्लेखनीय है कि नमन कुमार ने 493 अंक हासिल कर विज्ञान संकाय में प्रदेश में टॉप स्थान हासिल किया है और हरियाणा में टॉप 10 में पांचवें स्थान पर रहे हैं। अपनी कड़ी मेहनत और उपलब्धि से नमन ने अपने माता-पिता और स्कूल के साथ-साथ इलाके का नाम भी रोशन किया है। नमन की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन कर नमन को बधाई दी। यहां यह भी बताना जरूरी है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के अव्वल आने वाले होनहार विद्यार्थियों से बात की हैं, उनमें पीएस नवयुग स्कूल तोशाम के छात्र नमन भी शामिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि नमन ने स्वयं के साथ-साथ माता-पिता का नाम भी रोशन किया है। वे इसी तरह कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ते रहें। हमारी शुभकामनाएं हमेशा तुम्हारे साथ हैं। वहीं दूसरी ओर नमन ने बताया कि मुख्यमंत्री का उनके पास में फोन आना अकल्पनीय और अविश्वसनीय रहा। नमन के पिता पेशकर वर्मा और माता उषा ने कहा कि बेटे की मेहनत रंग लाई है। नमन की मेहनत है कि मुख्यमंत्री ने उनको बधाई दी है। पीएस नवयुग स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का नमन को फोन कर बधाई देना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यह भी पढ़ें : Bhiwani News : सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में भिवानी जिले में पुन: बेटियां रहीं आगे : कमला गुरेजा