- संवेदनशील वर्गो को विभिन्न विषयों पर जागरूक करना भी है एनसीसी का उद्देश्य : लेफ्टिनेंट थॉमस
(Bhiwani News) भिवानी। भिवानी के खानाबदोश समुदाय को स्वास्थ्य शिक्षा से जोडऩे की पहल करते हुए स्थानीय एमएनएस सरकारी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी भिवानी के निर्देशन में सिकल सेल एनीमिया (एससीए) के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। यह कार्यक्रम कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट थॉमस कुट्टी के मार्गदर्शन और एनसीसी ऑफिसर कैप्टन अशोक कुमार की देखरेख में आयोजित किया गया।
खानाबदोश समुदाय को एससीए के बारे में जागरूक किया
प्राचार्य डॉ. जगबीर सिंह ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए खानाबदोश समुदाय के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इस दौरान स्थानीय बस स्टैंड के आसपास रहने वाले खानाबदोश समुदाय को एससीए के बारे में जागरूक किया गया। कैडेट्स ने लक्षणों की पहचान, रोकथाम और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। विवाह पूर्व जांच और आनुवंशिक सलाह पर विशेष जोर दिया गया।
लेफ्टिनेंट थॉमस कुट्टी ने बताया कि एनसीसी का उद्देश्य ना केवल राष्ट्र सेवा है, बल्कि समाज के संवेदनशील वर्गो को विभिन्न विषयों पर जागरूक करके उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना भी है। महाविद्यालय में एनसीसी यूनिट के अधिकारी कैप्टन अशोक कुमार जिनके नेतृत्व में आज का जागरूकता अभियान चलाया गया ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स ने अपनी सामाजिक जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए बस स्टैंड के पास खानाबदोश समुदाय को इस खतरनाक बीमारी से अवगत किया और उन्हें इससे निपटने के लिए जागरूक किया गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाते है। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डा. जगवीर सिंह मान ने अपने संदेश में बताया कि एनसीसी कैडेट्स समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बाखूबी निभाते हैं और सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर आनुवंशिक बीमारी है, जिसके प्रति भिवानी जैसे ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी है।
यह भी पढ़े : Bhiwani News : वृक्ष लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनका संरक्षण भी अनिवार्य है : शिव रतन गुप्ता