• 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़-चढक़र भाग लेंगे बोर्ड के कर्मचारी : प्रधान सत्यवीर स्वामी

(Bhiwani News) भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारी संगठन-1016 संबंद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को स्थानीय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कैंपस में स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सत्यवीर स्वामी ने की तथा मंच का संचालन महासचिव सोमवीर सिंह पूनिया ने किया। कार्यकारिणी की बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बोर्ड कर्मचारियों की सहभागिता पर चर्चा की गई।

इसके अलावा बोर्ड संस्था के भविष्य को लेकर भी विभिन्न मुद्दों पर गहनता से विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान मुख्य तौर पर हरियाणा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त विभिन्न राजकीय विद्यालयों को केंद्र सरकार द्वारा मॉडल संस्कृति स्कूल व पीएम श्री योजनाओं के नाम सीबीएसई बोर्ड से संबद्धता दिए जाने पर संगठन के सभी पदाधिकारियों ने विरोध व्यक्त किया। इसको लेकर प्रधान ने बताया कि यह मुद्दा राष्ट्रव्यापी हड़ताल में काफी जोर-शोर से उठाया जाएगा।

हड़ताल की चिंगारी एक बड़े आंदोलन में तब्दील होगी

उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मुद्दे को लेकर अपना रुख नहीं बदलती है तो हड़ताल की चिंगारी एक बड़े आंदोलन में तब्दील होगी, जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदार केंद्र व राज्य सरकार की होगी। बैठक में फैसला लिया गया कि बोर्ड के सभी कर्मचारी इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। इस दौरान वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र सिंह, जोगेंद्र, भारतदीप, अशोक लांबा, संदीप कुमार, अनुप खेदड़, अरूण कुमार व कुलदीप सहित संगठन के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Jind News : जींद में सिविल सर्जन ने किया अस्पताल निरीक्षण