किसी भी बैंक संबंधी कामकाज में परेशानी से बचने के लिए जांच लें पूरी सूची
Bank Holiday List January 2026 (आज समाज), नई दिल्ली : तीन दिन बाद नए साल का आगाज होने जा रहा है। देश में जहां लोग नए साल के जश्न मनाने की तैयारियोंमें डूबे हुए हैं वहीं हम आपको बताने जा रहे हैं कि नए साल के पहले माह में कुल कितने दिन के लिए बैंकों में अवकाश रहेगा। ये कौन-कौन से दिन और मौके होंगे जब बैंक बंद रहेंगे। देश भर में बैंकों के अवकाश की सूची आरबीआई ने साझा की है जिसके अनुसार अलग-अलग राज्यों में कुल 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको अगले महीने बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम हो तो इन छुट्टियों को ध्यान में रखना होगा।
आॅनलाइन बैंकिंग के जरिए निपटा सकेंगे काम
आप बैंकों की छुट्टी के बावजूद आॅनलाइन बैंकिंग के जरिए पैसे का लेनदेन या अन्य काम कर सकते हैं। इन सुविधाओं पर बैंकों की छुट्टियों का कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं शेयर बाजार में जनवरी 2026 में 9 दिन ट्रेडिंग नहीं होगी। बीएसई की आॅफिशियल वेबसाइट के अनुसार 4 रविवार और 4 शनिवार के अलावा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रेडिंग बंद रहेगी।
देश में इन दिनों रहेगा बैंकों में अवकाश
एक जनवरी को (न्यू ईयर, गान नगाई) के अवसर पर देश के आइजॉल, चेन्नई, कोलकाता, गंगटोक, इंफाल में बैंक बंद रहेंगे। दो जनवरी को मन्नम जयंती के चलते आईजॉल, कोच्चि और तिरुवनंतमपुरम में बैंक बंद रहेंगे। तीन जनवरी के हजरत अली जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद चार को रविवार, 10 को दूसरा शनिवार और 11 जनवरी को रविवार होने के चलते बैंक बंद रहेंगे। विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को कोलकाता में बैंक बंद रहेंगे। 14 जनवरी को माघ बिहू और मकर संक्रांति के अवसर पर अहमदाबाद, भुवनेश्वर, ईटानगर और गुवाहाटी में बैंकों में अवकाश रहेगा।
देश के कुछ भागों में 15 जनवरी को भी मकर संक्रांति
देश के कुछ भागों में 15 जनवरी को भी मकर संक्रांति मनाई जाएगी। इसके साथ ही पोंगल का त्योहार भी मनाया जाएगा। जिसके चलते बेंगलुरू, चेन्नई, गंगटोक, हैदराबाद और विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे। इसके साथ ही 16,17 जनवरी को भी चेन्नई में बैंक बंद रहेंगे। 18 जनवरी को रविवार होने के कारण बैंकों में अवकाश है। इसके बाद 23 जनवरी को अगरतला, भुवनेश्वर में बैंक बंद रहेंगे। 24,25,26 को तीन दिन लगभग पूरे भारत में बैंक बंद रहेंगे।


