विदेशी दौरे रद्द किए, अमेरिका से व्यापार समझौते की जानकारी भी नहीं दी
Bangladesh President, (आज समाज), नई दिल्ली: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शाहबुद्दीन ने एक इंटरव्यू में अंतरिम सरकार के पूर्व मुखिया मोहम्मद यूनुस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार गिरने के बाद बनी अंतरिम सरकार ने उन्हें हटाने की कोशिश की थी। शाहबुद्दीन ने बताया कि 8 अगस्त 2024 को उन्होंने ही यूनुस को पद की शपथ दिलाई थी और यूनुस 16 फरवरी 2026 तक वास्तविक प्रधानमंत्री की तरह काम करते रहे।
उन्होंने कहा कि यूनुस सरकार ने दो बार उनके विदेश दौरे रद्द कर दिए। एक बार कोसोवो जाने से रोका गया और दूसरी बार कतर के अमीर के निमंत्रण पर विदेश मंत्रालय ने यह कहकर पत्र भेज दिया कि राष्ट्रपति व्यस्त हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें चुनाव से कुछ दिन पहले किए गए बांग्लादेश-अमेरिका व्यापार समझौते की जानकारी भी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी समझौते की जानकारी राष्ट्रपति को देना संवैधानिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन यूनुस ने ऐसा नहीं किया।
यूनुस ने संविधान का पालन नहीं किया
शाहबुद्दीन ने आरोप लगाया कि यूनुस ने संविधान के किसी प्रावधान का पालन नहीं किया और अंतरिम सरकार ने ऐसे अध्यादेश पास किए जिनकी जरूरत नहीं थी। यूनुस अपने विदेशी दौरों की जानकारी भी उन्हें नहीं देते थे और 14-15 बार विदेश गए, लेकिन कभी राष्ट्रपति को नहीं बताया। उन्होंने 22 अक्टूबर 2024 की उस रात का जिक्र किया जब भीड़ ने राष्ट्रपति भवन बंगाभवन को घेर लिया था और उन्हें हटाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि वह रात उनके लिए बेहद डरावनी थी।
पीएम तारिक रहमान ईमानदार और सौम्य व्यक्ति
शाहबुद्दीन ने कहा कि जब उन्हें हटाने की कोशिश हो रही थी, तब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के एक सीनियर नेता ने उन्हें समर्थन का भरोसा दिया। उस नेता ने कहा कि वे संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखना चाहते हैं और किसी भी असंवैधानिक तरीके से राष्ट्रपति को हटाने के पक्ष में नहीं हैं। राष्ट्रपति ने मौजूदा प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान को ईमानदार और सौम्य बताया। उन्होंने कहा कि बीएनपी और उसके सहयोगियों के अलावा सेना की तीनों शाखाओं के प्रमुखों ने भी उनका पूरा समर्थन किया। उनके मुताबिक, सेना प्रमुखों ने कहा कि वे सिक्योरिटी फोर्सेज के प्रमुख हैं और उनकी हार का मतलब पूरी सेना की हार होगी।
अप्रैल 2028 तक है राष्ट्रपति शाहबुद्दीन का कार्यकाल
इससे पहले दिसंबर 2025 में उन्होंने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा था कि वे अंतरिम सरकार के दौरान खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे थे और चुनाव के बाद इस्तीफा देना चाहते थे। शाहबुद्दीन 24 अप्रैल 2023 को बांग्लादेश के राष्ट्रपति बने थे उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 तक है।
ये भी पढ़ें: अनिल अंबानी को झटका, बैंक खातों को फ्रॉड घोषित करने पर रोक का आदेश रद्द


