कहा, हमलों में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए, अमेरिका छुपा रहा असली गिनती
US-Iran War Update (आज समाज), तेहरान : पश्चिम एशिया तनाव फिलहाल कम होता दिखाई नहीं दे रहा है। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने इस युद्ध के दौरान ईरान में बड़ी मात्रा में नुकसान पहुंचाया है तो वहीं ईरान भी यह दावा कर रहा है कि इस युद्ध में अमेरिका को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ईरान का कहना है कि वह किसी भी स्थिति में सरेंडर नहीं करेगा और उसकी सेना अंतिम गोली और खून के आखिरी कतरे तक संघर्ष करती रहेगी।
इसी बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे। संगठन के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फघारी ने कहा कि हाल के हमलों में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी बलों की लगातार निगरानी है और दुश्मनों को वहां से गुजरने का अधिकार नहीं है। उनके अनुसार ईरान अपनी स्वतंत्रता की रक्षा कर रहा है और मिसाइल तथा ड्रोन हमले आगे भी जारी रहेंगे।
संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव पर ईरान का विरोध
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पारित प्रस्ताव पर ईरान ने कड़ा विरोध जताया है। ईरान के प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने कहा कि यह फैसला उनके देश के साथ स्पष्ट अन्याय है। उन्होंने कहा कि ईरान इस संघर्ष का मुख्य पीड़ित है और परिषद ने जमीनी सच्चाई को नजरअंदाज किया है। इरावानी ने दावा किया कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद हजारों लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
ईरान के साथ जारी युद्ध जल्द खत्म होगा : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि ईरान के साथ जारी जंग जल्द खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब वह चाहेंगे, तब यह युद्ध समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने फोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अब निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है। थोड़ा बहुत ही बचा है। मैं जब चाहूं, यह युद्ध खत्म हो जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भले ही संकेत दिए हैं कि ईरान में उनके सैन्य अभियान के लक्ष्य काफी हद तक पूरे हो चुके हैं। लेकिन पश्चिम एशिया में हमले और सैन्य कार्रवाई अभी भी जारी है।
ये भी पढ़ें : Attack on Farooq Abdullah : जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला


