कहा, विपक्ष द्वारा आम आदमी पार्टी को निशाना बनाने की साजिश बेनकाब
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को हाईकोर्ट द्वारा आबकारी मामले में बरी करने पर कहा कि अदालत का यह आदेश इस बात का प्रमाण है कि चाहे अंधेरी रात कितनी भी लंबी क्यों न हो, अंतत: सच्चाई और न्याय की ही जीत होती है। अरविंद केजरीवाल और पार्टी के समर्थन में प्रार्थना करने वाले लोगों का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आम जनता की दुआओं का ही चमत्कार है कि ईमानदार नेता आज सम्मानपूर्वक बरी हो गए।
कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित अन्य नेताओं के खिलाफ आबकारी नीति मामले में अदालत द्वारा आरोपों को रद्द करने से पार्टी की स्थिति पर दृढ़ मोहर लगी है।
केंदीय जांच एजेंसियों पर उठे सवाल
पार्टी लगातार कहती रही थी कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य केंद्रीय एजेंसियां विपक्षी पार्टियों को निशाना बनाने के लिए केंद्र सरकार की कठपुतलियों की तरह काम कर रही हैं। एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारतीय राजनीति का एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि अदालत ने अरविंद केजरीवाल और 23 अन्य को बरी कर दिया, जिनके खिलाफ सीबीआई ने गलत तरीके से केस दर्ज किया था।
उन्होंने कहा कि यह मामला केंद्र सरकार की आम आदमी पार्टी, जो अपने अच्छे कामों के जरिए देश भर में अपना आधार फैला रही है, को रोकने की निराशाजनक कोशिश थी। अदालत के आदेश ने सीबीआई के कामकाज पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है, जो अपने आकाओं के हाथों की कठपुतली बनकर काम कर रही थी। इसने लोकतंत्र की आवाज को दबाने के लिए केंद्र में सत्ताधारी लोगों द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का पदार्फाश किया।
केंद्र सरकार ने सलाखों के पीछे डाल दिया था
दिल्ली में हुए राजनीतिक घटनाक्रम का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि केवल चुनाव जीतने के लिए आम आदमी पार्टी की पूरी उच्च-स्तरीय नेतृत्व टीम को भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सलाखों के पीछे डाल दिया था। आज के फैसले ने साबित कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल एक ईमानदार नेता हैं, जो केवल सत्य के मार्ग पर चलते हैं और जनता के दिलों में राज करते हैं।
उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक का हर कार्यकर्ता केवल लोगों की सेवा के लिए राजनीति में आया है।परंपरागत राजनीतिक पार्टियों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा अपने सत्ता के दिनों में रोटेशन के आधार पर सत्ता का आनंद उठाती रही और एक-दूसरे के हित सुरक्षित रखती रही। ये पार्टियां हमेशा सत्ता की कुर्सी का खेल खेलती रही हैं और अपनी-अपनी बारी के अनुसार देश और जनता को लूटती रही हैं।


