- कांग्रेस पर गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की मदद का आरोप
Kejriwal On Alliance With Congress, (आज समाज), अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी (आप) ने साफ कर दिया है कि उसका अब कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं है। बिहार में पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज अहमदाबाद में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस के ऊपर गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की मदद करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 का गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ेगी और विजयी होगी, क्योंकि राज्य के लोगों के पास अब बीजेपी और कांग्रेस के अलावा एक विकल्प है।
केवल लोकसभा चुनावों के लिए था गठबंधन
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों का इंडिया (भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन) समूह केवल पिछले साल लोकसभा चुनावों के लिए था। उन्होंने कहा, अब हमारा कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं है। अगर कोई गठबंधन था, तो उन्होंने विसावदर में उपचुनाव क्यों लड़ा? वे हमें हराने आए थे। भाजपा ने हमारे वोट काटकर आप को हराने के लिए कांग्रेस को भेजा था।
आप ने विसावदर सीट पर उपचुनाव में भाजपा हराया है
आप संयोजक ने कहा, जब कांग्रेस विफल हुई, तो भाजपा ने उन्हें फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा, अब हमारी तरफ से कोई गठबंधन नहीं है। आप नेता गोपाल इटालिया ने पिछले महीने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के किरीट पटेल को 17,000 से अधिक मतों से हराया था। कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रणपरिया 5,501 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष के रूप में विफल रही है क्योंकि इससे भाजपा को सत्ता में बने रहने में मदद मिलती है।
ये भी पढ़ें : Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन की कोई संभावना नहीं