राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल 15 अगस्त तक कर सकते है आवेदन
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों के लिए गृह मंत्रालय की ओर से आॅनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन या अनुशंसा केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर आॅनलाइन ही स्वीकार की जाएगी। नामांकन करने वाले व्यक्ति एक व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र (अधिकतम 800 शब्द) का, जिसमें आवेदन करने वाले व्यक्ति के संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्ट और अन्य उपलब्धियों/सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख हो, प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
इन क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले को दिए जाएंगे पुरस्कार
सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग लोगों और समाज की निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। इनमें से प्रतिभावान व्यक्तियों की पहचान के लिए मिलकर प्रयास किए जाएंगे, जिनकी उत्कृष्टता वास्तव में सम्मान की हकदार है।
यह पुरस्कार कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक कार्य, नागरिक सेवाओं, व्यापार और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवाओं के लिए उत्कृष्ट-कार्य को मान्यता प्रदान करने के लिए प्रदान किए जाते हैं।