Andhra Bus Fire, (आज समाज), अमरावती: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के चिन्नातेकुर में सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई और हादसे में 12 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सहित कई नेताओं ने शोक जताया है। पुलिस व प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बस तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी और चिन्नातेकुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर इसमें आग लगी।

बाइक से टक्कर के बाद बस में आग लगी

राष्ट्रपति मुर्मू और सीएम नायडू ने हताहतों हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण के अनुसार हादसा आज तड़के हुआ है। उन्होंने बताया कि एक बाइक से टक्कर के बाद बस में आग लगी। बस सवार करीब लोग सुरक्षित हैं। इनमें दो बच्चे व दो चालक हैं। हादसे का शिकार हुई बस कावेरी ट्रैवल्स की है।

बाइक ने बस को पीछे से मारी थी टक्कर

पुलिस के अनुसार, बस हैदराबाद से रात 10:30 बजे रवाना हुई थी। इसके बाद कुरनूल के उपनगर चिन्नातेकुर में एनएच-44 पर आज अलसुबह लगभग 3:30 बजे एक दोपहिया वाहन ने पीछे से इसे टक्कर मार दी। बाइक बस के नीचे जा गिरी और ईंधन टैंक से टकरा गई, जिससे बस में आग लग गई और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

बस में सवार थे कुल 41 लोग : डीआईजी

पुलिस अधिकारियों ने बतायाकि जैसे ही आग पूरी बस में फैली, गहरी नींद में सो रहे यात्री जाग गए और कुछ चीखते हुए बाहर निकले। कई आग में फंस गए। उन्होंने बताया कि बस में कुल 41 लोग सवार थे। इनमें से 39 वयस्क और दो छोटे बच्चे थे। अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। 19 सुरक्षित लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से कई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। ज्यादातर यात्री हैदराबाद शहर के थे।

बस का मुख्य चालक लापता, बाइकर की हालत भी गंभीर

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल ले जाया गया। बस पूरी तरह जल गई है। जिस इलाके में दुर्घटना हुई, वहां भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस का मुख्य चालक लापता है।

उन्होंने एक अन्य चालक को हिरासत में ले लिया है। बस चालकों की पहचान शिवनारायण और लक्ष्मैया के रूप में हुई है। बाइक सवार की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने और मृतकों के परिवारों को पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान करने के आदेश जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें : Rajasthan Bus Fire Update: बच्चे की मौत के बाद मृतक संख्या 21, 4 वेंटीलेटर पर