परिजनों ने कॉलोनाइजर और ठेकेदार पर लापरवाही का लगाया आरोप
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। कर्मचारी फ्लावर सिटी में माली के तौर पर तैनात था। वह लोहे के पोल पर झंडा चढ़ाने के लिए चढ़ा था। इस दौरान वह बिजली वायर की चपेट में आ गया। परिजनों ने कॉलोनाइजर और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पलवल गांव के दीपक कुमार के मुताबिक, उसका छोटा भाई रोहित कुमार (24) फ्लावर सिटी में करीब 2 साल से माली का काम करता था। ठेकेदार उसके भाई से माली के काम के अलावा अन्य काम लेते थे।

कॉलोनाइजर और ठेकेदार ने झंडा लगाने का दबाव बनाया

14 मई सुबह करीब 9 बजे कॉलोनाइजर उसके भाई रोहित को झांसा रोड पर भद्रकाली मंदिर के पास अपनी दूसरी सिटी में लेकर गए थे। यहां पर कॉलोनाइजर और ठेकेदार ने रोहित पर झंडा लगाने का दबाव बनाया। झंडे लगाने का काम सुपरवाइजर प्रमोद कुमार की देखरेख में करवाया जा रहा था।

करीब 11 बजे रोहित सड़क किनारे लोहे के पोल में झंडा लगाने लगा तो ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों की चपेट में आ गया। करंट लगते ही रोहित जमीन पर गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया। वहां मौजूद कर्मचारियों और राहगीरों की मदद से पहले उसे एक निजी अस्पताल में, फिर एलएनजेपी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2 साल पहले हुई शादी

एनआईटी कुरुक्षेत्र में कार्यरत मोनू कल्याण ने बताया कि करीब 2 साल पहले उसके साले रोहित की शादी हुई थी। रोहित अपने पीछे पत्नी अंजलि और करीब 6 महीने के बेटे लविश कुमार को छोड़ गया। रोहित के पिता भी एनआईटी कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मी है। थाना कृष्णा गेट के SHO जगदीश टामक ने बताया कि मृतक के भाई की स्टेटमेंट पर पुलिस ने कॉलोनाइजर और ठेकेदार समेत 3 लोगों के एफआईआर दर्ज की है।

ये भी पढ़ें : क्रिड की रिपोर्ट में हुआ खुलासा, हरियाणा में 50 हजार परिवारों की आय शून्य