- नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा एनडीए : शाह
Amit Shah On Bihar New CM, (आज समाज), पटना: बिहार में विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की जीत पर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। अमित शाह ने कहा, एनडीए के बिहार चुनाव जीतने पर विधायक दल के नेता आपस में बैठकर अपना नेता तय करेंगे।
नीतीश पर भाजपा व बिहार के लोगों को भरोसा
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री से मीडियाकर्मियों ने सवाल किया था कि यदि बिहार चुनाव में एनडीए जीतता है तो क्या आप नीतीश कुमार को फिर मुख्यमंत्री बनाएंगे। इसके जवाब में अमित शाह ने स्पष्ट कहा, मैं भला कौन होता हूं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला। इतनी सारी पार्टियों का गठबंधन है। चुनाव के बाद विधायक दल के नेता बैठेंगे और अपना नेता तय कर लेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए, नीतीश के नेतृत्व में राज्य में चुनाव लड़ रहा है। उन पर न केवल भारतीय जनता पार्टी बल्कि बिहार की जनता को भी पूरा भरोसा है।
चुनाव से पहले तय हो जाना चाहिए सीएम का नाम : जीतन
अमित शाह के बयान के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने बयान को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, अमित शाह ने क्लियर कर दिया, नीतीश अबकी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। वहीं एनडीए गठबंधन घटक के प्रमुख केंद्रीय मंत्री जीतन मांझी ने कहा, अमित शाह एनडीए के प्रमुख नेताओं में आते हैं उनकी बात को आधिकारिक ही माना जाएगा। लेकिन, मुझे लगता है कि चुनाव से पहले सीएम का नाम तय हो जाना चाहिए था।
नीतीश से कोई नाराजगी नहीं, अब सब ठीक
मुख्यमंत्री नीतीश की नाराजगी के सवाल पर जीतन मांझी ने कहा, हाल में ही सीएम नीतीश ने नाराजगी जताई थी। लेकिन, अब सब ठीक हो चुका है। गठबंधन में सब कुछ ठीक हो चुका है। बता दें कि भाजपा और जेडीयू दोनों राज्य में 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं एनडीए के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 6-6 सीटें दी गई हैं।
पटना में सीएम नीतीश से मिले गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री ने शुक्रवार सुबह पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना में उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष ने इस मुलाकात के बारे में कहा कि बिहार चुनाव में आगे की कैंपेनिंग रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा, अब समय कम है, इसलिए कई मुद्दों पर बातचीत हुई। एनडीए में कोई गड़बड़ी नहीं है। सबकुछ ठीक है। हमलोग एकजुट हैं। सीएम नीतीश कुमार ही चेहरा हैं।
लालू का जंगलराज वापस नहीं लाएगी बिहार की जनता
अमित शाह ने पटना में कहा कि बिहार में इस बार एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भी इस दौरान हमला बोला। गृह मंत्री ने कहा, लालू यादव चाहे केंद्र में हो या राज्य में, जहां भी वह सत्ता में रहे, वहां उन्होंने जमकर भ्रष्टाचार किया। अमित शाह ने कहा, 21वीं सदी में बिहार की जनता कभी भी लालू यादव का जंगलराज वापस नहीं लाएगी। लालू को रोड, पुल, पानी, आवास पर चर्चा करना शोभा नहीं देता, उन्हें केवल अपने जंगलराज, अपहरण, फिरौती, वसूली पर चर्चा करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: Gujarat: कैबिनेट में विस्तार के सहारे भाजपा ने शुरू की अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी