अमेरिकी विदेश मंत्री ने चीन पर टैरिफ को लेकर स्थिति स्पष्ट की

US Tariff on China (आज समाज), वाशिंगटन : वर्तमान में व्यापार के वैश्विक परिदृश्य लगातार बदल रहे हैं। एक तरफ जहां विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं अमेरिका द्वारा लागू की जा रही नई टैरिफ दरों से जूझ रहीं हैं। वहीं अमेरिका इन दरों में दोहरी नीति अपना रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण भारत है। अमेरिका ने एक तरफ जहां भारत पर यह कहकर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है कि वह रूस से तेल आयात कर रहा है जिससे मिलने वाला पैसा रूस यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहा है।

वहीं अमेरिका इस मामले में चीन के साथ पक्षपात कर रहा है। भारत यह स्पष्ट कर चुका है कि रूस से तेल आयात करने में चीन सबसे आगे है। मौजूदा समय में चीन रूस से 43 प्रतिशत कच्चा तेल आयात कर रहा है वहीं भारत केवल 17 प्रतिशत तेल आयात करता है लेकिन चीन पर अमेरिका किसी तरह का टैरिफ लगाने से बचना चाहता है।

ये बोले अमेरिकी विदेश मंत्री

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका ने चीन पर कोई प्रतिबंध इसलिए नहीं लगाया क्योंकि चीन रूस से खरीदे गए तेल को रिफाइन करके ग्लोबल मार्केट में बेचता है। रुबियो ने कहा कि चीन पर प्रतिबंध लगाने से दुनिया में तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर आप उस तेल को देखें जो चीन जा रहा है और रिफाइन किया जा रहा है, तो उसमें से बहुत कुछ वापस यूरोप में बेचा जा रहा है। यूरोप अभी भी प्राकृतिक गैस रूस से खरीद रहा है।’ ये देश चीन पर प्रतिबंधों को लेकर चिंतित हैं। वहीं, अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल और हथियार खरीदने के लिए 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। जो 27 अगस्त से लागू होगा, इससे भारत पर कुल 50% टैरिफ हो जाएगा।

रुबियो बोले- यूरोपीय देश चीन पर प्रतिबंधों को लेकर चिंतित

रुबियो ने कहा कि यूरोपीय देश चीन के माध्यम से रूस का तेल खरीदते हैं। ये देश चीन पर प्रतिबंधों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, ‘जब सीनेट में चीन और भारत पर 100% टैरिफ का प्रस्ताव आया, तो कई यूरोपीय देशों ने इस पर चिंता जताई।’ जब पूछा गया कि क्या यूरोप पर रूस से तेल और गैस खरीदने के लिए प्रतिबंध लगाए जाएंगे, तो रुबियो ने कहा, ‘मैं यूरोप पर सीधे प्रतिबंध की बात नहीं कर रहा, लेकिन सेकेंडरी सेक्शन का असर हो सकता है।’ उन्होंने कहा कि यूरोप के साथ टकराव की बजाय, वे इस मामले में पहले बात करेंगे।

ये भी पढ़ें : Business News Hindi : भारत पूरे विश्व को निर्यात करेगा ईवी : मोदी