कहा, हमने सद्भावना के तहत खोला था होर्मुज लेकिन अमेरिका ने इसका गलत मतलब निकाला
US-Iran Conflict (आज समाज), तेहरान : एक तरफ जहां अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप पूरे जोर शोर से यह घोषणा कर चुके हैं कि अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए ईरान पूरी तरह से तैयार है वहीं ईरान ने अमेरिका को एक बार फिर से झटका दिया है। ईरान के ‘सेंट्रल हेडक्वार्टर आॅफ द होली प्रॉफेट’ के प्रवक्ता के हवाले से बताया गया कि तेहरान ने पहले सद्भावना दिखाते हुए बातचीत के बाद तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाजों को इस रास्ते से सीमित और प्रबंधित तरीके से गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई थी।
हालांकि, प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने अपने वादों को बार-बार तोड़ा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका घेराबंदी लागू करने के बहाने समुद्री डकैती और लूटपाट जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। इसी वजह से ईरान ने अब अपना रुख कड़ा कर लिया है। बयान में साफ कहा गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अब नियंत्रण फिर से सख्त कर दिया गया है और यह पूरा जलमार्ग अब ईरान के सशस्त्र बलों के सीधे प्रबंधन और नियंत्रण में रहेगा।
कब तक ईरान बंद रखेगा समुद्री मार्ग
ईरान ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान स्थिति तब तक जारी रहेगी जब तक अमेरिका ईरानी जहाजों के लिए आवाजाही की पूर्ण स्वतंत्रता सुनिश्चित नहीं कर देता। यह तनाव तब और बढ़ गया जब डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट साझा की। ट्रंप ने घोषणा की कि ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी तब तक पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी जब तक तेहरान के साथ कोई व्यापक शांति समझौता या लेनदेन 100 प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह प्रक्रिया बहुत तेजी से पूरी होगी।
ईरान ने शनिवार को एक बड़ा एलान करते हुए कहा है कि सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य अब फिर से पुरानी स्थिति यानी सख्त सैन्य नियंत्रण में वापस आ गया है। ईरान ने यह फैसला अमेरिका की ओर से ईरानी बंदरगाहों की लगातार की जा रही घेराबंदी के जवाब में लिया है। तेहरान ने पहले इस जलमार्ग को फिर से खोलने की घोषणा की थी।


