Ambala News : पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे, हर निरक्षर को साक्षर बनाएंगे

0
432
Ambala News : पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे, हर निरक्षर को साक्षर बनाएंगे
गाँव काँवला में बच्चे जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा को, निरक्षरों को साक्षर बनाने की अपनी उल्लास यात्रा के अनुभव सुनाते हुए
  • उल्लास प्रोग्राम की सफलता के लिए जुटे स्कूली विद्यार्थी
  • गीतों और नाटकों से कर रहे है जागरूक

आज समाज नेटवर्क । अंबाला । जिले से निरक्षरता के अंधकार को समाप्त कर पूर्ण साक्षरता की ओर बढ़ने के संकल्प के साथ उल्लास कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में और अधिक प्रभावी व गतिशील बनाया जा रहा है।

इस कार्य हेतु सभी शिक्षक और विद्यार्थी पूरी ऊर्जा के साथ जुट चुके हैं और अब गीतों और नाटकों के माध्यम से भी निरक्षरों को जागरूक किया जाने लगा है। खंड अंबाला-1, साहा और बराड़ा के बाद गुरुवार खंड अंबाला-2 के विद्यालयों—राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बबयाल एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय काँवला—में उल्लास योजना को गति देने के लिए अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा रहे। दोनों विद्यालयों में कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। विद्यार्थियों ने जिला शिक्षा अधिकारी के स्वागत में गीत प्रस्तुत किए। बब्याल में विद्यार्थियों द्वारा उल्लास कार्यक्रम पर आधारित लघु नाटिका और हरियाणवी नृत्य कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया और संदेश दिया कि:

उल्लास है शिक्षा की वो नौका
जो दे हमें पढ़ने का एक और मौका,
तो आइये, इस नौका में सवार हो जाएं,
और अपने देश को साक्षर बनाए।

बच्चों ने यह संकल्प भी बार बार दोहराया कि:

हम हर घर में जायेगें, उल्लास की जोत जलाएंगे।
पढ़ेंगे और पढ़ाएगे, हर निरक्षर को साक्षर बनाएंगे।

सभी निरक्षरों को साक्षर बना कर देश को विकसित बनाने में दे योगदान

सुधीर कालड़ा ने इन नवसाक्षरों और वालंटियर विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कावला संकुल में वालंटियर्स विद्यार्थियों ने बहुत हर्षोल्लास से जिला शिक्षा अधिकारी से निरक्षरों को साक्षर बनाने में अपने अनुभव भी सांझा किए।

इस सम्मान समारोह में उल्लास कार्यक्रम के तहत विशेष योगदान देने वाले दोनों प्राचार्यों बलविंदर कुमारी एवं अनुपिका रंधावा, पढ़ाने वाले सभी वालंटियर्स बच्चों एवं सर्वेयर्स को जिला शिक्षा अधिकारी अम्बाला, सुधीर कालड़ा द्वारा प्रशंसा प्रमाणपत्र दे कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उल्लास कार्यक्रम के तहत साक्षर बने लर्नर्स को भी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला प्रमाण पत्र दे कर सम्मानित किया गया। इन सभी को संबोधित करते हुए सुधीर कालड़ा ने स्पष्ट शब्दों में यह संदेश दिया कि देश के माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्ष 2047 में देश को विकसित भारत बनाने के सपने को पूरा करने हेतु निरक्षरों को साक्षर बना कर अपना योगदान दें।

प्राचार्यों को उल्लास के तहत दिया नया लक्ष्य

जिला शिक्षा अधिकारी अम्बाला सुधीर कालड़ा ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग ने अब सभी संकुल प्रमुखों को यह लक्ष्य दिया है कि वे अपने सर्वेक्षकों के माध्यम से 21 फरवरी तक कम से कम 400 उल्लास लर्नेर्स का पंजीकरण उल्लास पोर्टल पर करें। 21 फरवरी तक 450 से अधिक निरक्षरों को पंजीकृत करने वाले संकुल प्रमुखों को प्रशंसापत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सम्मान समारोह पश्चात दोनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बब्याल और कावला में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पौधारोपण कर सभी को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला उल्लास समन्वयक एवं जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा भी शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि संकुल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बब्याल में 403 निरक्षर व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 183 को साक्षर बनाया जा चुका है। यहां 83 वालंटियर विद्यार्थी एवं 36 सर्वेयर शिक्षक सक्रिय रूप से कार्यरत रहे।

वहीं संकुल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कावला में 567 निरक्षर पंजीकृत किए गए, जिनमें से 466 व्यक्ति साक्षर बन चुके हैं। इस विद्यालय में 20 वालंटियर विद्यार्थी एवं 22 सर्वेयर शिक्षक उल्लास कार्यक्रम में जुटे रहे।

Ambala News : हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया समर्थन