• नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय तीज कार्यक्रम में खोला योजनाओं का पिटारा
  • महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई अहम फैसले लिए

(Ambala News) अंबाला। हरियाणा में तीज का पावन पर्व इस बार महिलाओं के लिए एक नई उम्मीद की सौगात लेकर आया। तीज के पर्व पर भाई द्वारा अपनी बहन को कोथली देने की परंपरा निभाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं रूपी कोथली भेंट की। एक भाई बनकर सीएम ने हरियाणा की अपनी बहनों को कोथली देने की परंपरा को निभाया और कल्याणकारी योजनाओं संबंधी सौगात दी। सोमवार को जिला अंबाला में तीज उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को और अधिक गति देने के लिए ‘लाडो सखी’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए ‘लाडो सखी’ को लगाया जाएगा।

यह ‘लाडो सखी’ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर व ए.एन.एम. बहनें गर्भवती महिलाओं की प्रसव के दौरान देखभाल करेगी। इस योजना के तहत बेटी पैदा होने पर हर ‘लाडो सखी’ को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ियों में ‘बढ़ते कदम डिजिटल बाल कार्यक्रम’ शुरू करने की घोषणा की।

यह कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की नन्हे बच्चों की देखभाल और शिक्षा में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार, नीति आयोग के सहयोग से, महिला उद्यमिता मंच का ‘हरियाणा स्टेट चैप्टर’ शुरू करेगी ताकि राज्य की महिला उद्यमियों को 700 से अधिक सलाहकारों के नेटवर्क से व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिले, क्षेत्र-विशेष का प्रशिक्षण मिले और वित्त पोषण, बाजार तक पहुंच व इनक्यूबेशन के लिए सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का तीज उत्सव में पहुंचने पर पगड़ी पहनाकर व शॉल ओढाकर स्वागत किया। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने मुख्यमंत्री को तीज उत्सव में शिव परिवार की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के तौर पर देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिला प्रधान मनदीप राणा, कपड़ा मार्किट संघ सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

महिलाओं को रोजगार देने वाली इकाइयों को अतिरिक्त सब्सिडी मिलेगी

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नई औद्योगिक और क्षेत्रीय नीतियों के तहत हरियाणा सरकार राज्य में महिलाओं के रोजगार को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा की महिलाओं को रोजगार देने वाली इकाइयों को अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करेगी। इसके अलावा, राज्य की महिला उद्यमियों की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सार्वजनिक खरीद मानदंडों में छूट प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि हर विकास खंड में एक राशन डिपो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को दिया जाएगा। इससे उन्हें रोजगार मिलेगा, गांवों की व्यवस्था में भी भगीदारी बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में 131 महिला सांस्कृतिक केन्द्रों का उदघाटन किया। इन केंद्रों में महिलाएं भजन, गीत, नृत्य आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम कर सकेंगी।

तीज नारी शक्ति के सम्मान और आपसी प्रेम का प्रतीक

सीएम ने कहा कि तीज का पर्व केवल एक त्योहार नहीं, यह हमारी समृद्ध संस्कृति, हमारी परंपराओं और हमारे अटूट सामाजिक ताने-बाने का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के साथ हमारे गहरे जुड़ाव, नारी शक्ति के सम्मान और परिवार में प्रेम, सौहार्द और खुशहाली का संदेश देता है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन में खुशहाली बनाए रखने के लिए, हमें अपने रिश्तों को सींचना होगा, अपनी संस्कृति को संजोना होगा और प्रकृति का सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रयास रहा है कि हम अपनी गौरवशाली परंपराओं और त्योहारों को न केवल जीवित रखें, बल्कि उन्हें और भी भव्यता और उत्साह के साथ मनाएं। प्रदेशभर में लगातार तीज महोत्सवों का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य यह है कि हमारी नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़ सके और इन त्योहारों के महत्व को समझ सके।

महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के लिए सरकार निरंतर काम कर रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीज महोत्सव नारी शक्ति के सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करता है। इसी के अनुरूप हम महिलाओं को स्वावलम्बी बनाकर सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रहे हैं। सरकार महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलम्बन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सहयोग से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रदेश में लिंगानुपात वर्ष 2014 के 871 से सुधरकर 906 हो गया है। उसी दिन आपकी बेटी हमारी बेटी योजना शुरू की थी।

इस योजना के तहत अनुसूचित जाति के सभी परिवारों तथा अन्य वर्गों के बी.पी.एल. परिवारों को पहली, दूसरी व तीसरी बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये दिये जाते हैं। इसी प्रकार, अन्य सभी परिवारों को दूसरी व तीसरी बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये की राशि दी जाती है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 2 लाख 10 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। हरियाणा सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है।

परिवहन व ऊर्जा विभाग की योजनाओं को समय पर पूरा करवाना करूंगा सुनिश्चित : अनिल विज

परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने राज्य सरकार की विकास प्रतिबद्धताओं और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने आज अंबाला के लिए विकास परियोजनाओं का उदघाटन एवं शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। विज ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल जी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके साथ 1996 से 2000 तक काम करने का अवसर उन्हें मिला।

उन्होंने बताया कि बंसीलाल जी के सहयोग से अंबाला छावनी में नहरी पानी आधारित पेयजल योजना लागू की गई, जिससे वर्षों से जल संकट झेल रहे नागरिकों को राहत मिली। उन्होंने याद करते हुए कहा कि साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर की स्थापना भी बंसीलाल जी के समर्थन से संभव हुई। उन्होंने कहा कि उन्होंने बतौर स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए अंबाला शहर के लिए कई अहम कदम उठाए। जिनमें अम्बाला शहर नागरिक अस्पताल को 200 से 300 बैड का करवाया जाना। नन्यौला में डिस्पैंसरी, अम्बाला शहर में बेहतरीन टीबी अस्पताल आदि जैसे कार्य करवाए गए हैं।

विज ने मुख्यमंत्री से कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए

सावन की महत्ता पर बोलते हुए विज ने कहा कि यह महीना प्रकृति के यौवन का प्रतीक है। जब पेड़-पौधे हरे होते हैं, तो मानवीय मन भी आनंद से भर उठता है। इसी उल्लास और उत्सव की भावना से तीज जैसे पर्व मनाए जाते हैं, जो सामाजिक और सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। विज ने मुख्यमंत्री से कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे स्वयं परिवहन व ऊर्जा विभाग की योजनाओं को समय पर पूरा करवाना सुनिश्चित करेंगे।

इस अवसर पर परिवहन और ऊर्जा मंत्री अनिल विज, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, राज्य मंत्री राजेश नगर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, पूर्व मंत्री असीम गोयल, कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला प्रभारी एवं चेयरमैन धर्मवीर मिर्जांपुर, जिला प्रधान मनदीप राणा, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, पूर्व विधायक संतोष चौहान सारवान, मेयर शैलजा सचदेवा, सीनियर डिप्टी मेयर मीना ढींगरा, डिप्टी मेयर राजेश मेहता, रितेश गोयल, राजेश गोयल, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा भारी संख्या में महिलाएं व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।