Ambala News | आज समाज नेटवर्क | अंबाला। अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में एक महत्वपूर्ण चिकित्सा उपलब्धि दर्ज की गई है। मौख शल्य चिकित्सक डॉ. गौरव शर्मा द्वारा 12 वर्षीय बच्चे के निचले जबड़े में बनी रसोली का सफल ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन पूरी तरह से निशुल्क किया गया और अब बच्चा तेजी से स्वस्थ हो रहा है।

डेढ़ महीने से दर्द से परेशान था बच्चा, बच्चा काफी बेहतर स्थिति में: डॉ. गौरव शर्मा

इस मामले में जानकारी देते हुए डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि बच्चा पिछले करीब डेढ़ महीने से जबरदस्त दर्द से परेशान था। उसकी हालत ऐसी हो गई थी कि वह ठीक से मुंह भी नहीं खोल पा रहा था। जबड़े में सूजन थी और भोजन करना तक संभव नहीं हो पा रहा था। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल के दंत रोग विशेषज्ञ विभाग में दिखाया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद उसे डॉ. गौरव शर्मा को रेफर किया गया।

बच्चे का सबसे पहले ओपीजी एक्सरे किया गया, जिससे जबड़े में असामान्य वृद्धि का पता चला। इसके बाद उसकी बायोप्सी करवाई गई, जिससे पुष्टि हुई कि यह एक रसोली है जिसे ऑपरेट करना जरूरी है। इसके बाद डॉ. गौरव शर्मा ने पूरी टीम के साथ मिलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। ऑपरेशन पूर्ण रूप से सफल रहा और अब बच्चा काफी बेहतर स्थिति में है, सामान्य रूप से भोजन कर पा रहा है और दिन-ब-दिन उसकी रिकवरी हो रही है।

इस प्रकार की जटिल सर्जरी आमतौर पर प्राइवेट अस्पतालों में काफी महंगी होती है, लेकिन नागरिक अस्पताल, अंबाला छावनी में यह सुविधा पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध कराई गई। अस्पताल में मौख शल्य चिकित्सा  जैसी सुविधाएं उपलब्ध होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और इससे आमजन को अत्यंत लाभ हो रहा है।

यह ऑपरेशन भी अस्पताल के बेहतर संसाधनों, योग्य चिकित्सा टीम और विभागीय समन्वय के कारण सफल हो सका: पीएमओं डॉ. पूजा

पीएमओ डॉ. पूजा पैंटल ने बताया कि नागरिक अस्पताल में लगातार उन्नत चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह ऑपरेशन भी अस्पताल के बेहतर संसाधनों, योग्य चिकित्सा टीम और विभागीय समन्वय के कारण सफल हो सका। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ओपीडी, एक्सरे, बायोप्सी, पैथोलॉजी और ऑपरेशन की सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ता।

इस उपलब्धि पर अस्पताल प्रशासन ने प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज का विशेष आभार प्रकट किया है, जिनके निरंतर समर्थन से अस्पताल को लगातार सशक्त और संसाधन संपन्न बनाया जा रहा है। साथ ही सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन तथा पीएमओ डॉ. पूजा पैंटल की सक्रिय निगरानी में यह कार्य संपन्न हुआ।

हमारा उद्देश्य नागरिक अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित बनाना: डॉ. पूजा पैेंटल

पीएमओ डॉ. पूजा पैंटल ने बताया “हमारा उद्देश्य नागरिक अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित बनाना है, जिससे आम जनता को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। मौख शल्य चिकित्सा विभाग द्वारा किया गया यह ऑपरेशन इस दिशा में एक सराहनीय कदम है। भविष्य में भी अस्पताल ऐसे कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।

Ambala News : एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने मेयर शैलजा संदीप सचदेवा और एडवोकेट संदीप सचदेवा को दिया आशीर्वाद