दक्षिण अफ्रीका को उसके सबसे कम स्कोर पर आउट करते हुए जीता पहला टी-20 मैच

1st T-20 Ind vs SA (आज समाज), खेल डेस्क : भारतीय टीम ने एक दिवसीय सीरीज जीतने के बाद पहले टी-20 मैच में भी मेहमान दक्षिण अफ्रीका की टीम को आसानी से हरा दिया। टॉस हारकर जब पहले बल्लेबाजी करने टीम इंडिया उतरी तो उसे भी यह पता नहीं था कि दिन के अंत में वह इतनी आसान जीत दर्ज करेगी। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जल्द आउट हो गए। इसके बाद भारतीय टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खाए लेकिन चोट से वापसी कर रहे अनुभवी हार्दिक पांड्या की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 175 रन बनाने में सफल रही।

12.3 ओवर में मात्र 74 रन पर सिमटी अफ्रीका

जीत के लिए मिले 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर अर्शदीप ने मेहमान टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दबाव से उभर नहीं पाई और लगातार विकेट खाती चली गई। जिसके चलते दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 12.3 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। भारत ने इस तरह बड़ी जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

दक्षिण अफ्रीका की टीम ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका टी20 में अपने न्यूनतम स्कोर पर ढेर हो गया। दक्षिण अफ्रीका की टीम का यह सबसे छोटे प्रारूप में न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 87 रन था जो 2022 में उसने भारत के खिलाफ ही बनाया था। दक्षिण अफ्रीका को छठी बार टी20 में 100+ रनों से हार का सामना करना पड़ा है जिसमें से तीन बार उसे भारत के खिलाफ 100+ रनों से हार मिली है। भारत की यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रनों के लिहाज से तीसरी बड़ी जीत है। भारत ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका को 2024 में 135 रनों से और 2023 में 106 रनों से हराया है।