देश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर भीड़ ही भीड़, यात्री हताश
Indigo Flight Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी विमान कंपनी इंडिगो की उड़ानों में आए अचानक बदलाव ने देश के विमान सफर को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात यह हैं कि देश के हर प्रमुख हवाई अड्डे पर भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है। लोग अपनी फ्लाइट के लेट होने और रद होने के कारण हताश नजर आ रहे हैं। लेकिन उड़ानों को लेकर किसी के पास भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। उन्हें न केवल अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए देरी का सामना करना पड़ रहा है बल्कि महंगी टैक्सी और अन्य विकल्प का चुनाव भी करना पड़ रहा है।
केंद्र ने जताई नाराजगी
एयरलाइंस के इस रवैये पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि संकट की इस घड़ी में किराए को नियंत्रित रखा जाए। अगर कोई एयरलाइन किराया बढ़ाती है तो तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई किराए की मार के अलावा एयरपोर्ट के बाहर भी यात्रियों की शामत आई।
टर्मिनल-3 से बाहर निकलने या नजदीकी जगहों पर जाने के लिए टैक्सी और कैब चालकों ने मनमाने दाम वसूलने शुरू कर दिए। यात्रियों ने शिकायत की कि टी-3 से टी-2 टर्मिनल तक जाने के लिए भी 800-1000 रुपए मांगे जा रहे थे, जबकि सामान्य दिनों में 200 से 300 रुपए किराया होता है। द्वारका, गुरुग्राम या सेंट्रल दिल्ली जाने का किराया जहां सामान्य दिनों में 400 से 700 रुपए होता है, वह रात में 1500 से 2000 रुपये तक वसूल किया गया। दिल्ली पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी को भी इस बाबत कई शिकायतें मिली हैं।
इंडिगो के पास है 434 विमानों का बेड़ा
एयरलाइन के पास 434 विमानों का बेड़ा है। इसने 920 से अधिक नए विमानों का आॅर्डर भी दे रखा है। इंडिगो हर दिन 2,200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। 3.2 लाख से अधिक यात्रियों को हवाई सफर करवाती है। यह 128 गंतव्यों के लिए अपनी सेवाएं देती है। वित्त वर्ष 2025 के लिए एयरलाइन का राजस्व लगभग 80,803 करोड़ रुपये रहा। नवंबर 2024 से इंडिगो ने हर महीने लगातार एक करोड़ से अधिक यात्रियों को हवाई सफर कराया है। वित्त वर्ष 2025 में कुल 11.9 करोड़ यात्रियों ने इंडिगो से सफर किया, जो पिछले साल के मुकाबले 12.5% अधिक है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : दुनिया की स्किल कैपिटल बनकर उभरा भारत : मोदी