वैंकूवर से दिल्ली के उड़ान भरने वाला था विमान, ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में फेल हुआ पायलट, फ्लाइट दो घंटे देरी से हुई
Air India Pilot Arrest (आज समाज), नई दिल्ली : एयर इंडिया के एक पायलट को नशा करके फ्लाइट कराने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई भारत नहीं बल्कि कनाडा में की गई है। जानकारी के अनुसार वैंकूवर-दिल्ली (वियना होते हुए) आने वाली उड़ान के चालक दल के सदस्य को वैंकूवर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। हालांकि एयरलाइन ने पायलट का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने से थोड़ी देर पहले ही उक्त पायलट को गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उड़ान को नया चालक दल आने तक रोका गया जिससे यह उड़ान अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से उड़ी।
यह जानकारी आई है सामने
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वैंकूवर के एक ड्यूटी फ्री स्टोर की कर्मचारी ने पायलट को त्योहार के मौके पर दी जा रही शराब पीते हुए देखा। दावा किया गया है कि शराब की बोतल खरीदते समय पायलट के मुंह से शराब की गंध आई थी। कर्मचारी ने पायलट की सूचना कनाडाई अधिकारियों को दी। जिसके बाद उक्त पायलट को मुंह से शराब की गंध आने के बाद हिरासत में लिया गया।
उसका बे्रथ एनालाइजर टेस्ट किया जिसमें वह फेल हो गया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। एअर इंडिया ने तुरंत एक वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की। चार पायलटों या दो टीमों वाली ये उड़ान दो घंटे की देरी से रवाना हुई। विमान के वियना में उतरने के बाद यहां से चालक दल की एक अन्य टीम ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
आरोपी से जारी है पूछताछ
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में एअर इंडिया ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया, ‘पायलट को कुछ दिनों बाद दिल्ली लाया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को दी गई है, जो इसकी जांच कर रहा है। कुछ सूत्रों का कहना है कि पायलट ने हवाई अड्डे पर अनजाने में शराब पी ली थी और ड्यूटी फ्री शॉप के एक कर्मचारी ने उसे ऐसा करते हुए देखा था। वहीं अन्य का कहना है कि बोतल खरीदते समय उससे शराब की गंध आ रही थी।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : जब फैसले समय पर होते हैं, तो जवाबदेही तय होती है : पीएम मोदी


