कई दिन से जमा पानी के चलते बढ़ा खतरा, बाढ़ में मरे पशु भी बढ़ाएंगे लोगों और प्रशासन की परेशानी

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में पिछले करीब 15 दिन से बाढ़ का पानी फैला हुआ है। हालांकि अब ज्यादात्तर जगहों से पानी कम हो चुका है और लोग अपने घरों की तरफ लौट रहे हैं। ऐसे में एक तरफ जहां लोगों को बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई की चिंता सता रही है। वहीं जलजनित खतरनाक बीमारियों के फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है। इन खतरों में सबसे ज्यादा है बाढ़ में मरे जानवरों के शवों से फैलने वाली बीमारियों का।

स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार रख रही निगरानी

अमृतसर में रावी दरिया में आई बाढ़ के बाद अब भले ही धीरे-धीरे पानी निकल रहा है लेकिन पानी निकलने से वहां पर सैकड़ों की संख्या में मारे गए पशुओं के कारण कई तरह की बीमारियां फैलनी शुरू हो गई हैं। प्रशासन और सेहत विभाग की टीमें लगातार लोगों का चेकअप करने में जुटी हैं और हर एक इलाके पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा इलाके में सुअरों को लेकर भी खतरा बना हुआ है। सुअरों में रिकन स्वाइन फीवर फैल रहा है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुअर, या उनका मांस लाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है।

स्वाइन फ्लू है पशुओं के लिए घातक

पशु चिकित्सक डॉ. रविंदर सिंह कंग ने बताया कि यह बीमारी केवल सुअरों को प्रभावित करती है, इसका मनुष्यों से कोई खतरा नहीं है, इसलिए लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। वायरस जिले के अजनाला क्षेत्र के धारीवाल कलैर गांव में फैला है। डॉ. कंग ने बताया कि यह वायरस लाइलाज है और यदि एक बार फॉर्म में फैल जाए तो पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल सकता है। इस कारण प्रभावित सुअरों को मारकर दफनाना और फॉर्म को सेनीटाइज करना जरूरी हो जाता है। साथ ही बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावित इलाके में सुअरों की खरीद-फरोख्त पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

अभी तक 55 लोगों की हो चुकी मौत

बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या 55 हो चुकी है। वीरवार को फाजिल्का और मानसा जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। पठानकोट में लापता हुए लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने यह जानकारी दी। पानी भले ही उतरने लगा है लेकिन बाढ़ का कहर जारी है। बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या 2214 हो गई है जबकि प्रभावित व्यक्तियों की संख्या 3,88,508 तक पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब सीएम आज लेंगे हाई लेवल मीटिंग