Afghan-Pak Conflict: पाकिस्तान ने किया अफगानिस्तान के 36 लड़ाके मारने का दावा

0
84
Afghan-Pak Conflict
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार।

Afghan-Pak Conflict, (आज समाज), इस्लामाबाद: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी गोलीबारी व हवाई हमलों को लेकर पाकिस्तान ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। अफगानिस्तान जहां 55 पाकिस्तान सैनिकों को मार गिराने का दावा कर रहा है, वहीं अफगानिस्तान ने उसके इस दावे का नकार दिया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार (Attaullah Tarar) ने कहा है कि हमलों में उसके सिर्फ दो सैनिक मारे गए और तीन जख्मी हुए हैं। उन्होंने दावा किया है कि पाकिस्तानी बलों के हमलों में 36 अफगान लड़ाके मारे गए हैं।

133 लड़ाके ढेर, 200 से अधिक जख्मी : मुशर्रफ जैदी

अत्ताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अफगानिस्तान की ओर से बगैर उकसावे के की गई गोलीबारी का पाकिस्तान मजबूत व प्रभावी तरीके से जवाब दे रहा है। इस बीच पाकिस्तान की ओर से इस तरह की रिपोर्टों का खंडन किया गया है कि कोई पाकिस्तानी सैनिक पकड़ा गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी (Musharraf Ali Zaidi) ने एक्स पर लिखा है कि पाक बलों के हमलों में अफगानिस्तान के कम से कम 133 लड़ाके ढेर हुए और 200 से अधिक जख्मी हुए हैं।

अफगानिस्तान की 27 चौकियां हमलों में तबाह

मुशर्रफ अली जैदी ने यह भी दावा किया है कि अफगानिस्तान की 27 चौकियां हमलों में तबाह कर दी गई हैं और 9 अफगान लड़ाकों को पकड़ लिया गया है। उन्होंने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि ये लोग किस जगह मारे गए हैं। उन्होंने कहा है अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के अलावा कंधार व पक्तिया स्थित सैन्य ठिकानों पर हमलों में और भी अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका है।

हमलों में 8 अफगान लड़ाके मारे गए : अफगान रक्षा मंत्रालय

उधर अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि हमलों में 8 अफगान लड़ाके मारे गए और 11 जख्मी हुए हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि आॅपरेशन के दौरान, गोला-बारूद, हल्के व भारी हथियारों के अलावा कई सैन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। पाक के एक टैंक को नष्ट करने व एक सैन्य वाहनो को कब्जे में लेने का भी दावा किया गया है।

दोनों देशों के बीच बीते कई माह से है तनाव

गौरतलब है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते कई माह से तनाव है। पिछले वर्ष अक्टूबर में सीमा पर दोनों पक्षों में कई झड़पें हुई और इस दौरान दर्जनों सैनिक, आम लोग तथा संदिग्ध आतंकी मारे गए थे। इससे पहले काबुल में हुए विस्फोटों के लिए अफगान अफसरों ने पाक को जिम्मेदार ठहराया था। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर तक हवाई हमले किए थे। कतर की मध्यस्थता पर दोनों देशों के बीच युद्धविराम भी हुआ है और यह  अधिकतर कायम है, लेकिन इसके बावजूद बीच-बीच में सीमा पर फायरिंग होती रही है। पाकिस्तान सेना ने पिछले हफ्ते रविवार को सीमा के पास हमलों में कम से कम 70 उग्रवादी मार गिराने का दावा किया था।

यह भी पढ़ें: Pakistan-Afghanistan Crisis: अफगानिस्तान के हमलों में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए