मध्यप्रदेश के खंडवा जिला में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुआ हादसा

Madhya Pradesh Accident (आज समाज), खंडवा (मध्य प्रदेश) : मध्य प्रदेश के खंडवा में घर से धूमधाम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले लोगों का सफल जल्द ही दुखदायी बन गया। दरअसल दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए यहां पर 40 के करीब लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर दुर्गा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। तालाब के नजदीक पहुंचकर ट्रैक्टर चालक ने अपना संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब के गहरे पानी में लुढ़क गया। इस दौरान वाहन पर बैठे ज्यादात्तर लोग वाहन के नीचे आ गए और पानी में डूब गए।

हादसे में 8 बच्चियों समेत 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि अभी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अभी लापता हैं। इनमें 7 साल के बच्चे से लेकर 25 साल तक के युवा हैं। तीन गंभीर घायलों का इलाज खंडवा जिला अस्पताल में चल रहा है।

रात साढ़े आठ बजे तक चला रेस्क्यू, आज भी रहेगा जारी

खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि रेस्क्यू आॅपरेशन रात साढ़े आठ बजे तक चला। पंधाना के सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि खंडवा से डॉक्टरों की टीम बुलाकर सभी शवों का रात में ही पीएम भी किया गया। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप जगधन्ने ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली जहां गिरी, वहां करीब 50 फीट पानी होगा। हादसे के बाद 9 लोगों को हम लोगों ने बाहर निकाला। इनको पंधाना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 3 खंडवा रैफर कर दिया।

सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शी करण ने बताया कि रास्ते में विसर्जन के लिए कोई बेहतर स्थान नहीं मिला, तो लोग हमारे जामली गांव आए। यहां बैकवाटर में मूर्ति विसर्जन के लिए जाने लगे। बैकवाटर के नजदीक पहुंचे ही थे कि ट्रैक्टर संतुलन खो बैठा और पहले ट्रॉली पलटी, फिर ट्रैक्टर भी उसके ऊपर पलट गया। जो लोग ट्रॉली बैठे थे, वे पानी में उसके नीचे दब गए। उम्र में बड़े कुछ लोग बाहर निकल सके। बाकी लोग दबे रह गए।

ये भी पढ़ें : Today Breaking News : पाकिस्तान की हर हिमाकत का देंगे मुंहतोड़ जवाब : रक्षा मंत्री