कहा, पार्टी के सभी बड़े नेता भ्रष्टाचार में लिप्त

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की चुनावी हार जीत लोकतंत्र का भाग है पर बिना संघर्ष अपने जन्म से सत्ता सुख भोगने वाली आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल एवं आतिशी मालेर्ना आदि नेता दिल्ली की सरकार खोने के बाद से पूरी तरह हताश हैं तथा आज तक हार के सदमे से उबर नही पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गत लगभग 5 साल से अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया एवं सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त रहे हैं और लंबा समय जेल में रहने के बाद अब जमानत पर हैं। इनसे जुड़े सभी मामले अब न्यायिक जांच के दायरे में हैं आप नेता सार्वजनिक चर्चा में खुद पर लगे मामलों को राजनीतिक षडयंत्र बताते हैं पर न्यायालय में यह मामले को फर्जी नही बताते वहां जमानत पर छूटने के लिए फरियादें करते दिखते हैं। उन्होंने कहा कि आतिशी मालेर्ना बतायें यदि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध में मुकदमें दायर कर कार्यवाई करती है तो फिर उन्हे किसी भी न्यायालय से राहत क्यों नही मिलती ?

आर्थिक अपराधों की जांच से घबराए नेता

यह दुर्भाग्यपूर्ण है की जब भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के आर्थिक अपराधों की जांच शुरू होती है या न्यायलय में सुनवाई आगे बढ़ने लगती है तो जांच या सुनवाई को राजनीतिक षडयंत्र बताने का उनका रटा रटाया अलाप शुरू हो जाता है। पूर्व मुख्य मंत्री आतिशी मालेर्ना का आज का ब्यान उनकी पार्टी की राजनीतिक खीझ का परिणाम है।

सचदेवा ने कहा की जैसे ही केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में आप नेताओं के द्वारा अस्पताल निर्माण के दौरान किए घोटालों की जांच तेज हुई है तब से आप नेताओं के रटे रटाये राजनीतिक अलाप प्रलाप तेज हो गये हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की अस्पताल निर्माण घोटाले की जांच आप के शासनकाल में ही शुरू हो गई थी पर राजनीतिक नौटंकी में परांगत नेता अब उसे गुजरात की एक सीट की जीत से जोड़कर राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं।