कहा, अपनी हठधर्मिता के चलते पूर्व सीएम ने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को रोका रखा

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बार फिर से दिल्ली की पूर्व सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप नेता की हठधर्मिता के चलते दिल्ली की जनता एक दशक तक केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने से महरूम रही। सीएम ने कहा कि आम आमदी पार्टी ने दस साल के कार्यकाल में दिल्ली को विकास के मामले में कई दशक पीछे धकेल दिया।

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री वय वंदना योजना एक पेंशन योजना है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना और भविष्य में ब्याज आय में कमी से उनकी रक्षा करना है। दिल्ली में इसके लिए केवल आधार कार्ड और मोबाईल नंबर से ही रजिस्ट्रेशन हो जाएगा।

अब घर-घर जाकर होगा रजिस्ट्रेशन

आयुष्मान भारत योजना के तहत मोबाइल पंजीकरण अभियान की शुरुआत के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को प्रधानमंत्री वय वंदना योजना में पंजीकृत करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले 70 दिनों तक दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 70 वाहन 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के पंजीकरण के लिए तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यहां एक वैन और दो कंप्यूटर आॅपरेटर हैं। यह वाहन 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पंजीकृत करने के लिए हैं। उन्होंने आगे कहा यह अभियान दिल्ली सरकार के 70 दिन पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है। ये वाहन दिल्ली के हर वरिष्ठ नागरिक तक पहुंचेंगे।

प्राइवेट स्कूलों की मनमानी नहीं चलने देंगे

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक बार फिर से यह दोहराया है कि उनकी सरकार प्रदेश के प्राइवेट स्कूल संचालकों को किसी भी तरह की मनमानी करने की इजाजत नहीं देगी। जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बड़े। उन्होंने कहा कि इसपर रोक लगाने के लिए दिल्ली सरकार दिल्ली स्कूल एजुकेशन ट्रांसपेरेंसी इन फिक्सेशन एंड रेगुलेशन आॅफ फीस-2025 के रूप में दिल्ली सरकार ऐतिहासिक बिल लेकर आई है। यह प्राइवेट स्कूलों को फीस में मनमानी करने से रोकेगा।