महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट, शव सिद्धमुख नहर में फेंका
Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में महिला मित्र से मिलने आए हिसार के युवक की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। युवक की हत्या महिला के पति द्वारा अपने दो ओर साथियों के साथ मिलकर की गई। हत्या के बाद शव को सिद्धमुख नहर में फेंक दिया गया।
भूना पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवा कर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले है। युवक हिसार जिले के गांव काबरेल का रहने वाला था। भूना थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि युवक का मर्डर हुआ है। पोस्टमॉर्टम कार्रवाई करवाई जा रही है। इसके बाद परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
9 जून की रात को महिला से मिलने गया अंकित
जानकारी के अनुसार, हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव काबरेल निवासी 19 वर्षीय अंकित का दो साल से महिला के साथ लव अफेयर चल रहा था। इन दोनों सालों में कई बार दोनों आपस में मिले हैं। 9 जून की रात को वह महिला से मिलने आया। उसके पति ने मर्डर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला के पति ने युवक की मां के पास फोन करके यह भी कहा था कि तुम्हारा बेटा मेरे पास है। इसको ले जाना। मगर उसकी डेडबॉडी मिल पाई है।
पेंटर का काम करता था अंकित
अंकित गांव में ही पेंटर के तौर पर काम करता था। 9 जून को जब वह लापता हुआ तो इसके बाद उसके दादा गिरधारी लाल ने भूना थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पोते को किसी ने अपने पास छुपा लिया है। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
गोरखपुर गांव के पास मिला शव
शिकायत मिलने के बाद भूना व आसपास के थानों की पुलिस युवक को ढूंढने में लगी हुई थी। इसी बीच गुरुवार रात को युवक की डेडबॉडी गोरखपुर गांव के पास सिद्धमुख नहर से बरामद की गई।
अफेयर कैसे हुआ, जानकारी नहीं
युवक अंकित के पिता के चचेरे भाई राजबीर ने बताया कि भूना में उसकी ननिहाल है। उसके ननिहाल के परिवार और इस महिला के घर की काफी दूरी भी है। मगर इन दोनों का अफेयर कैसे हुआ, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। अब उनके भतीजे की डेडबॉडी मिलने पर वे भूना पहुंचे।
तीसरे बच्चे की मां बनने वाली है महिला
जिस महिला के साथ युवक का अफेयर था, वह महिला पहले से दो बच्चों की मां है। अब वह गर्भवती है और तीसरे बच्चे की मां बनने वाली है। युवक के चाचा ने बताया कि महिला के पति ने युवक पर 9 जून को दिन में घर में चोरी का आरोप लगाया था। रिश्तेदारों को बुला लिया। इसके बाद उसने भूना पुलिस को शिकायत दे दी। मगर रात को इस वारदात को अंजाम दे दिया गया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में कॉमन सेंटर पर होंगी भर्ती