ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था संजय कॉलोनी वासी आकाश
Faridabad News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवक की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना गत देर रात 9 बजे की है। युवक कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहा था। मृतक की पहचान संजय कॉलोनी वासी आकाश में रूप मे हुई। आकाश मूलरूप से यूपी के हरदोई जिले का रहने वाला था और वर्तमान में अपनी पत्नी व दो छोटे बच्चों के साथ संजय कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार आकाश फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित एमके आॅटो इंडस्ट्रीज कंपनी में काम करता था। बुधवार रात करीब 9 बजे वह कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था।

कंपनी के 3 कर्मचारियों से हुआ झगड़ा

उसी दौरान कंपनी के तीन अन्य कर्मचारी गुप्त यादव, अरुण और अमरजीत कंपनी से बाहर निकलने के बाद उससे झगड़ा करने लगे। आकाश किसी तरह वहां से निकलकर आगे बढ़ा, लेकिन जब वह संजय कॉलोनी की गली नंबर 22 में पहुंचा, तो तीनों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसका पीछा किया और उसे घेर लिया।

इसके बाद तीनों ने आकाश के साथ मारपीट की और फिर किसी तेजधार हथियार से उस पर कई बार वार किए। गंभीर रूप से घायल आकाश एक घर के गेट के सामने गिर पड़ा और अधिक खून बहने के कारण करीब 20-25 मिनट तक वहीं तड़पता रहा। इसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

गली से गुजरने वाले राहगीरों ने खून से लथपथ युवक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पहले तो पुलिस को मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन गहन पूछताछ और छानबीन के बाद रात करीब 2 बजे मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई।

आरोपियों पर केस दर्ज

इसके बाद पुलिस ने आकाश की पत्नी को बुलाकर घटना की जानकारी दी और उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर हत्या के आरोप में गुप्त यादव, अरुण और अमरजीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और हाल ही में सुरूरपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा के 17 जिलों में बारिश की चेतावनी

यह भी पढ़ें : नवीन जयहिंद ने फेसबुक पर डाली गाड़िया बेचने की पोस्ट, बोले- कर्ज-किश्तों ने तंग कर रखा