गोली मारने के बाद सिर पर कुल्हाड़ी से किए वार
Rewari News (आज समाज) रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में एक फौजी के पिता की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। व्यक्ति अपने फौजी बेटे को ीरेलवे स्टेशन पर छोड़कर घर लौट रहा था। गोली मारने के बाद बदमाशों ने व्यक्ति के सिर पर कुल्हाड़ी से भी दो-तीन वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक बीरेंद्र रेवाड़ी के गांव भाकली का रहने वाला था। उसके 2 बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। वह कोसली कस्बे में नाहड़ रोड पर सर्विस स्टेशन चलाता था।

पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बीरेंद्र को गोली मारने वाले 2 आरोपी गांव से ही हैं। वहीं 4 लोग बाहर के बताए जा रहे हैं। कोसली थाना के एसएचओ कश्मीर सिंह ने बताया कि 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके से 2 खाली खोल मिले हैं।

3 माह पहले शादी में डांस करने से रोकने पर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक बिरेंद्र ने 3 महीने पहले गांव के ही दीपक को शादी में डांस करने से रोका था। इससे विवाद शुरू हुआ। अगले दिन दीपक ने अपने भाई राहुल के साथ मिलकर बीरेंद्र के साथ मारपीट की। बीरेंद्र ने कोसली थाना में इसका मुकदमा दर्ज भी करवाया था। पुलिस ने मामले में आरोपियों को अरेस्ट किया था। जिसके चलते आरोपी नाराज चल रहे थे।

रात करीब 1 बजे दिया वारदात को अंजाम

एक दिन पहले बीरेंद्र के भाई के यहां कुआं पूजन कार्यक्रम था। इसमें भी उसका आरोपियों के साथ झगड़ा हुआ। इसी कार्यक्रम में बीरेंद्र का बेटा पवन भी आया था। कार्यक्रम के बाद बीरेंद्र अपने बेटे को कोसली रेलवे स्टेशन पर हिसार जाने के लिए छोड़ने गया था। बेटे को छोड़कर बीरेंद्र घर वापस आ रहा था तो बदमाशों ने गांव के श्मशान के पास से उसका पीछा किया। पीछा करते हुए बदमाश घर तक पहुंच गए। रात करीब 1 बजे बीरेंद्र को बदमाशों ने गोली मारी दी।

हैंडबॉल का खिलाड़ी है बीरेंद्र का बेटा

बीरेंद्र का बेटा स्पोर्ट्स कोटे से आर्मी में भर्ती हुआ। हैंडबॉल का खिलाड़ी है। तोपखाना रेजिमेंट में है और पठानकोट में तैनात है। वर्तमान में हिसार कैंट में गेम्स के लिए अटैच है।

यह भी पढ़े : हरियाणा में आज से हीट वेव का ओरेंज अलर्ट

यह भी पढ़े : हिसार से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा आज से होगी शुरू