घोड़े की उम्र 28 महीने, सर्दियों में बादाम और उबला दूध पीता है, हाइट 67 इंच
Kurukshetra News, (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पिहोवा में आयोजित पशु मेले में पंजाब से पहुंचा घोड़ा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। घोड़े की कीमत 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मारवाड़ी नस्ल के नुकरे घोड़े का नाम प्रताप रूप है, जो सिर से पैर तक पूरी तरह सफेद है। घोड़े की उम्र 28 महीने की है और यह 67 इंच ऊंचा है। घोड़ा पंजाब के संगरूर से लाया गया है। लोग घोड़े के साथ फोटो खिंचवाने आ रहे हैं। घोड़े के मालिक मालिक सरपंच हरप्रीत सिंह और उनके पिता निर्भय सिंह ने बताया कि इसकी 1 करोड़ रुपए तक की कीमत लग चुकी है। मगर, उन्होंने इसे नहीं बेचा।
घोड़े प्रताप रूप की डाइट
हरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रताप रूप को 3 टाइम अलग-अलग खाना खिलाते हैं। सुबह के समय प्रताप को 2 से 3 किलो काले चने दिए जाते हैं। 11 बजे उसे फॉर्म में घुमाने के लिए लेकर जाते हैं। दोपहर को फॉर्म में उसे खुला रखते हैं, जहां वो घास चरता है। शाम को प्रताप रूप को घर लाकर दूध पिलाते हैं। सर्दी में दूध में बादाम को डालकर उबालकर दिया जाता है। इसके बाद खाने के लिए उबला जौ भी देते हैं। गर्मी के दिनों में उसे सप्ताह में 2 दिन के लिए सेब भी खाने में दिए जाते हैं।
डेढ़ एकड़ में बनाया हुआ है फॉर्म, 3 कर्मचारी करते है घोड़े की देखभाल
सरपंच हरप्रीत सिंह बताते हैं कि प्रताप रूप की सेवा के लिए 3 लोग रखे हुए हैं। इसके अलावा वे और उनके पिता निर्भय सिंह भी उसकी सेवा में लगे रहते हैं। उनके पास और भी कई घोड़े हैं, जिनके लिए डेढ़ एकड़ में फॉर्म बना रखा है, लेकिन प्रताप रूप को घर में ही रखा जाता है। हरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रताप रूप को हर रोज नहलाया जाता है। नहलाने के बाद उसकी तेल से मालिश करते हैं। उसे नहलाने और तेल मालिश में एक घंटे का समय लगता है।
1 सेकेंड में 40 फीट दौड़ता है प्रताप रूप
संगरूर के तूर वंजारा गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रताप रूप की ऊंचाई, रंग और नस्ल की शुद्धता की वजह से ही उसकी 1 करोड़ की कीमत लगी। मगर, अभी उसे बेचने का कोई इरादा नहीं है। अगर सही खरीदार मिला, जो इसकी देखभाल कर सके, तभी विचार करेंगे। प्रताप रूप 1 सेकेंड में 40 फीट तक दौड़ लगाता है।
मेले में आए थे 20 से ज्यादा घोड़े, प्रताप पहले स्थान पर
हरप्रीत सिंह ने बताया कि वे प्रताप रूप को पिहोवा के असमानपुर गांव में चल रहे पीडीएफए पशु मेले में कॉम्पिटिशन के लिए लेकर पहुंचे थे। इसमें प्रताप रूप पहले स्थान पर रहा। ये प्रताप रूप का पहला कॉम्पिटिशन था। पिहोवा मेले में हो रहे कॉम्पिटिशन हरियाणा-पंजाब से आए 20 से ज्यादा घोड़े हिस्सा ले रहे थे।