UP Breaking News : यूपी के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 की मौत

0
74
UP Breaking News : यूपी के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 की मौत
UP Breaking News : यूपी के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 की मौत

हमीरपुर पुल हादसे में पीड़ित परिवारों को देंगे मुआवजा : योगी

UP Breaking News (आज समाज), हमीरपुर : यूपी के हमीरपुर में बन रहे पुल का एक हिस्सा तेज आंधी और बारिश के चलते शुक्रवार अलसुबह करीब दो बजे गिर गया। जिस समय यह हिस्सा गिरा उस समय पुल के नीचे कुछ मजदूर सो रहे थे। जिसके चलते वे मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई और तीन को सुरक्षित बचा लिया गया।

वहीं इस हादसे पर सीएम योगी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि हादसे की जांच की जाएगी। इसके जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतकों में 4 बांदा व दो हमीरपुर निवासी

हादसा शहर से 25 किमी दूर ललपुरा इलाके में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि ढाई बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू आॅपरेशन पूरा हो चुका है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर अभी भी मलबा हटाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई और मजदूर दबा न हो। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण करवा रहा है। इसकी लागत 90 करोड़ रुपए है। 700 मीटर लंबा दो लेन का ब्रिज मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था। दिसंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना है।

ठेकेदार की भूमिका दिख रही संदिग्ध

यह भी कहा जा रहा है कि ठेकेदार की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी। उसके बाद भी पुल पर काम जारी था। जिसके चलते हादसे में जानी नुकसान हुआ है। शुरूआती जांच में ठेकेदार की भूमिका संदिग्ध दिखाई दे रही है।

ये भी पढ़ें : Monsoon Update : मानसून को रोक रही हीट वेव : आईएमडी