कहा, इस अभियान का उद्देश्य पशुओं की बेहतर सेहत और किसानों की भलाई सुनिश्चित करना

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश में पशुओं को मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए सरकार 57.84 लाख पशुओं का टीकाकरण किया गया है। यह जानकारी देते हुए प्रदेश के पशु मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के पशु पालकों को कम से कम कीमत पर ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया कराना है।

इस संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पशुओं की अच्छी सेहत सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों के तहत, पंजाब के पशुपालन विभाग ने 15 अप्रैल 2025 से शुरू की गई एफएमडी (मुंह-खुर रोग) टीकाकरण मुहिम के अंतर्गत 57.84 लाख से अधिक पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया है।

इस अभियान के तहत राज्य में 99.56% गायों और भैंसों को यह वैक्सीन दी जा चुकी है। इस अभियान तहत व्यापक पहुंच को सुनिश्चित करने के लिए पशुपालकों के पास जाकर उनके पशुओं को मुफ्त टीका लगाया गया। इस विशाल मुहिम को सफलता से संपन्न करने के लिए लगभग 900 वेटरनरी टीमों को तैनात किया गया, जो पशुधन की भलाई और किसानों की सहायता के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुंह खुर रोग पशुओं के लिए गंभीर खतरा

पशुपालन मंत्री ने बताया कि यह ध्यान में रखते हुए कि मुंह-खुर रोग पशुओं के लिए एक गंभीर खतरा है, जिससे दूध उत्पादन में गिरावट, गर्भपात जैसी समस्याएं और भारी आर्थिक नुकसान होता है, विभाग ने राज्य के समूचे पशुधन का टीकाकरण किया है। यह रोग की रोकथाम और नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की पशुपालकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुधन की सेहत की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जो राज्य के पशुधन की तंदुरुस्ती सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार